सरिस्का बफर क्षेत्र में बढ़ी बाघों की गतिविधि : वन विभाग ने जारी की चेतावनी, 11 बाघ-बाघिनों का विचरण जारी
शावकों के साथ घूम रहीं बाघिनें
सरिस्का टाइगर रिजर्व के अलवर बफर वन क्षेत्र में बाघों की सक्रियता बढ़ रही। वर्तमान में 11 बाघ व बाघिन विचरण कर रहे। बाघिन एसटी-19 और एसटी-2302 अपने शावकों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में देखी गईं।
जयपुर। सरिस्का टाइगर रिजर्व के अलवर बफर वन क्षेत्र में इन दिनों बाघों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में क्षेत्र में कुल 11 बाघ एवं बाघिनों का विचरण बना हुआ है। बाघिन एसटी-19 अपने चार शावकों के साथ बारा लिवारी, श्योदानपुरा, फायरिंग रेंज और जम्मुशाना क्षेत्र में देखी जा रही है। वहीं बाघिन एसटी-2302 अपने दो शावकों के साथ बाला किला, अंधेरी चौड़ की होदी, किशन कुण्ड नाला, जयविलास एवं आसपास के जंगलों में विचरण कर रही है। वन विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि शावकों की सुरक्षा के चलते बाघिनें अत्यधिक आक्रामक हो सकती हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों में पैदल घूमना, ट्रेकिंग करना या अवैध रूप से प्रवेश करना जानलेवा साबित हो सकता है।
विभाग ने शहरवासियों, ट्रैकर्स और पर्यटकों से अपील की है कि वे वन क्षेत्रों में अनधिकृत प्रवेश से बचें तथा राज्य सरकार और वन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना करें, ताकि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोका जा सके।

Comment List