1 जून से हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया शुरू
चार वर्षीय बीए-जेएमसी ऑनर्स इन मीडिया स्टडीज पाठ्यक्रम उपलब्ध
जयपुर। हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय एचजेयू में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया 1 जून से शुरू होगी। इच्छुक विद्यार्थी 30 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी और आवेदन पत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। विश्वविद्यालय में स्नातक, स्नातकोत्तर तथा स्ववित्तपोषित पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिए जाएंगे। स्नातक स्तर पर तीन वर्षीय बीए-जेएमसी और चार वर्षीय बीए-जेएमसी ऑनर्स इन मीडिया स्टडीज पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं।
वहीं स्नातकोत्तर स्तर पर एमए मीडिया स्टडीज, एमए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, एमए विज्ञापन एवं जनसंपर्क, एमए न्यू मीडिया और एमए विकास संचार में प्रवेश के लिए आवेदन किए जा सकेंगे। इसके अलावा स्ववित्तपोषित पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में पीजी डिप्लोमा इन डेस्कटॉप पब्लिशिंग, फोटोग्राफी, ब्रॉडकास्ट जर्नलिज्म तथा पब्लिक हेल्थ एंड मास कम्युनिकेशन शामिल हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी आवेदन ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। पत्रकारिता और जनसंचार के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर होगा।

Comment List