एनएसयूआई के बाद युवा कांग्रेस चुनाव से तय होगा दिग्गज नेताओं का दबदबा, परफॉर्मर रिपोर्ट वाले ही कर सकेंगे नामांकन
दिग्गजों के संपर्कों के भरोसे दावेदार
एनएसयूआई राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद राजस्थान युवा कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव से राजस्थान के कई दिग्गज नेताओं का पार्टी में दबदबा। युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद पर चयन के बाद पार्टी में दिग्गज नेताओं में पूर्व सीएम अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ गोविन्द सिंह डोटासरा और कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट के संगठन में प्रभाव का भी अंदाजा कार्यकर्ताओं को लगेगा।
जयपुर। एनएसयूआई राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद राजस्थान युवा कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव से राजस्थान के कई दिग्गज नेताओं का पार्टी में दबदबा भी पता लगेगा। युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद पर चयन के बाद पार्टी में दिग्गज नेताओं में पूर्व सीएम अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ गोविन्द सिंह डोटासरा और कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट के संगठन में प्रभाव का भी अंदाजा कार्यकर्ताओं को लगेगा। एनएसयूआई राष्ट्रीय अध्यक्ष पर नियुक्त विनोद जाखड़ को पायलट समर्थक माना जाता है। युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष चुनाव में किस दिग्गज नेता के समर्थक को पद मिलेगा, इससे पार्टी में नेताओं की पहुंच की भी जानकारी भी संगठन में पहुंचेगी।
युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष चुनावी मैदान में इस बार अलग अलग समर्थकों में अनिल चौपड़ा, अभिषेक चौधरी, मुकुल खींचड़, पारस गुर्जर, कृष्ण मोहन शर्मा आदि नाम चर्चाओं में हैं। हर दावेदार के साथ एक बड़े नेता का नाम जुड़ा हुआ है। सभी दावेदारों ने खुद को प्रमुख दावेदार जताने के लिए विधायकों और बड़े नेताओं के साथ गुप्त बैठकों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। युवा कांग्रेस के चुनाव की बात की जाए तो पहली बार साल 2010 में लिंग दोह कमेटी की सिफारिश पर युवा कांग्रेस में निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हुई थी। तब पहली बार पवन गोदारा युवा कांग्रेस के निर्वाचित अध्यक्ष चुने गए थे। उसके बाद अशोक चांदना दो बार निर्वाचित अध्यक्ष रहे। चांदना के बाद सुमित भगासरा, मुकेश भाकर, गणेश घोघरा और अभिमन्यु पूनिया निर्वाचित अध्यक्ष बने थे।
युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पद: 26 मार्च से नामांकन
राजस्थान युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 26 मार्च से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू होगी, 30 मार्च नामांकन की अंतिम तारीख है। ऐसे में अध्यक्ष पद को देखते हुए दावेदारों ने चुनाव मैदान में ताल ठोक दी है। अध्यक्ष बनने के लिए दावेदारों ने एड़ी से लेकर चोटी का जोर लगना शुरू कर दिया है और अभी से ही प्रदेश भर में लॉबिंग शुरू कर दी है। इधर ब्लॉक अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष के लिए 21 मार्च से नामांकन की प्रक्रियाा शुरू हो गई थी जो 30 मार्च तक चलेगी।
चुनावों को लेकर बने दो धडे़
वर्तमान प्रक्रिया पर पूर्व युवा कांग्रेस नेताओं की राय भी बंटी हुई नजर आ रही है। कुछ वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि डिजिटल और पारदर्शी प्रणाली से संगठन मजबूत होगा और वास्तविक कार्यकर्ताओं को मौका मिलेगा। वहीं, अन्य नेताओं का कहना है कि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही है और तकनीकी प्रक्रियाओं के नाम पर चुनाव में अनावश्यक देरी की जा रही है। कई पूर्व पदाधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि सदस्यता और चुनाव प्रक्रिया में स्पष्ट दिशा निर्देशों की कमी है, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। उनका कहना है कि यदि समय पर चुनाव नहीं कराए गए तो संगठन की सक्रियता प्रभावित हो सकती है। संगठन चुनाव अब केवल प्रक्रिया नहीं, बल्कि संगठन की विश्वसनीयता और कार्यशैली की परीक्षा बन गए हैं। आने वाले दिनों में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि संगठन इस देरी को कैसे दूर करता है और चुनाव प्रक्रिया को किस तरह पारदर्शी व समयबद्ध तरीके से पूरा करता है।
दिग्गजों के संपर्कों के भरोसे दावेदार
चुनावी मैदान में उतर चुके दावेदारों में विधानसभा प्रत्याशी रहे एनएसयूआई पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अभिषेक चौधरी पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक अशोक चांदना, युवा कांग्रेस के निवर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष यशवीर सुरा और सुधीन्द्र मूंड अभिषेक चौधरी के लिए अपने संपकोंर् का इस्तेमाल कर रहे हैं। दावेदारों में जयपुर लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे अनिल चोपड़ा को कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट का करीबी माना जाता है। चोपड़ा पायलट और युवा कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया के भरोसे चुनाव मैदान में उतरे हैं। हालांकि सचिन पायलट के ही समर्थक विधायक मुकेश भाकर के समर्थक पूर्व सीकर जिलाध्यक्ष मुकुल खीचड़ ने भी चुनावी ताल ठोक दी है। ऐसे में पायलट खेमा इन दो नामों को लेकर समर्थन मुद्दे पर दुविधा में नजर आ रहे हैं। पूर्व सीएम अशोक गहलोत के समर्थक सत्यवीर चौधरी के भी दावेदारी की खबरें सामने आ रही हैं। इसके अलावा निवर्तमान उपाध्यक्ष पूजा भार्गव, आशीष बैरवा और प्रकाश मीणा भी चुनाव मैदान में उतरने का मन बना रहे हैं।
परफॉर्मर रिपोर्ट वाले ही कर सकेंगे नामांकन
वहीं युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अखिल भारतीय युवा कांग्रेस चुनाव प्राधिकरण ने गाइडलाइन भी तय की है। राजस्थान युवा कांग्रेस के मुख्य चुनाव अधिकारी ठाकुर बिष्ट ने कहा है कि राजस्थान अध्यक्ष पद के लिए वही दावेदार नामांकन कर सकेगा जिसका नाम परफॉर्मर लिस्ट में आएगा। चुनाव प्राधिकरण 24 या 25 मार्च को परफॉर्मर लिस्ट जारी करेगा। बिष्ट के अनुसार युवा कांग्रेस चुनाव के लिए सदस्यता अभियान 10 अप्रैल से शुरू होगा और 10 मई तक चलेगा। इसके बाद फिर 15 जून तक युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद सहित विभिन्न पदों के लिए ऑनलाइन वोटिंग होगी और चुनाव परिणाम जारी होगा। यह पूरी प्रक्रिया तीन महीने में पूरी होगी।
चुनावी कांटे से कोष दुगुना करने की तैयारी
युवक कांग्रेस के पिछले चुनाव में 20 लाख सदस्यता हुई थी। उस समय 50 साधारण शुल्क था, ऐसे में पिछली बार युवा कांग्रेस चुनाव प्राधिकरण को 10 करोड रुपए सदस्यता शुल्क के मिले थे। इस बार 75 रुपए साधारण सदस्यता शुल्क रखा गया है। चुनाव प्राधिकरण को उम्मीद है कि इस बार भी मेंबरशिप 20 से 25 लाख के आसपास रह सकती है। ऐसे में शुल्क का आंकडा 20 करोड़ तक पहुंच सकता है। ऐसे में चुनावी कांटे से कोष में दुगुनी राशि इकट्ठा हो सकती है। हालांकि, इस फंड के उपयोग और पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Comment List