फिर सामने आई लापरवाही की तस्वीर : पिकअप की चपेट में आकर डेढ़ साल की मासूम की मौत, गलता गेट में खेलते-खेलते वाहन के नीचे घुसी बच्ची
चालक को नहीं लगी भनक
मासूमों की सुरक्षा पर फिर सवाल उठे। गलता गेट इलाके में शुक्रवार शाम आम से भरी पिकअप की चपेट में आने से डेढ़ साल की मन्नत की मौत। बच्ची खेलते-खेलते वाहन के नीचे पहुंच गई थी। चालक को हादसे की भनक नहीं लगी। इससे एक दिन पहले एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में भी एक मासूम सड़क हादसे का शिकार हुआ था।
जयपुर। शहर में मासूमों की सुरक्षा को लेकर लगातार लापरवाही के मामले सामने आ रही हैं। शुक्रवार को गलता गेट इलाके में पिकअप की चपेट में आकर डेढ़ साल की बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। इससे एक दिन पहले एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में भी एक मासूम सड़क हादसे का शिकार हुआ था। गलता गेट थाना इलाके में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में डेढ़ साल की मासूम मन्नत की जान चली गई। हादसे के बाद इलाके में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोडिंग पिकअप को कब्जे में ले लिया।
थाना प्रभारी धर्म सिंह के अनुसार मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मन्नत के पिता आलम, जो मूल रूप से उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार हादसे के वक्त पिकअप वाहन आम लेकर आया था। इसी दौरान मासूम खेलते-खेलते वाहन के नीचे चली गई। चालक को इसकी जानकारी नहीं हुई बच्ची उसकी चपेट में आ गई। चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े और घायल अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक भी परिजनों के साथ बच्ची को लेकर अस्पताल गया।
एक दिन पहले भी हुआ था हादसा :
इससे एक दिन पहले एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में भी एक मासूम सड़क हादसे का शिकार हुआ था। लगातार दो दिनों में दो मासूमों के साथ हुए हादसों ने शहर में ट्रैफिक अनुशासन और रिहायशी इलाकों में वाहन संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Comment List