राजधानी की सभी 2,900+ बैंक शाखाएं खुलीं : सामान्य रूप से कामकाज, हड़ताल या बंदी की अफवाहें खारिज
ग्राहकों को मिली निर्बाध सेवा
जयपुर। राजधानी जयपुर में सभी प्रमुख सरकारी, निजी और सहकारी बैंकों की शाखाएं पूरी तरह खुली रहीं और बैंकिंग कामकाज सामान्य दिनों की तरह सुचारू रूप से संचालित हुआ। स्टेट लेवल बैंकर्स कमेटी (SLBC) राजस्थान के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, जयपुर जिले (अर्बन और ग्रामीण) में वर्तमान में सक्रिय करीब 2,958 से अधिक बैंक शाखाओं में सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही सामान्य रूप से देखी गई।
कैश जमा-निकासी, चेक क्लीयरेंस, लोन दस्तावेजीकरण और डिमांड ड्राफ्ट सहित तमाम बैंकिंग सेवाएं बिना किसी व्यवधान के जारी रहीं। इसके साथ ही, जिले भर के सभी एटीएम और डिजिटल बैंकिंग चैनल (UPI व इंटरनेट बैंकिंग) भी पूरी तरह सक्रिय मोड में काम करते रहे।
कर्मचारी यूनियनों ने किया पुष्टि :
राजस्थान प्रदेश बैंक एम्प्लाइज यूनियन के प्रदेश महासचिव महेश मिश्रा और सहकारी बैंक कर्मचारी यूनियन के वरिष्ठ नेता सूरजभान सिंह आमेरा ने संयुक्त रूप से स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि जयपुर की सभी बैंक शाखाओं के कर्मचारी और अधिकारी पूरी मुस्तैदी से अपने कर्तव्य पर मौजूद हैं। उन्होंने सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर बैंक बंदी को लेकर चल रही किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।नेताओं ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से लेकर सहकारी बैंकों तक, सभी वित्तीय संस्थानों में कामकाज सामान्य है और ग्राहकों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा है। बाजार में लेन-देन का प्रवाह सुचारू रहने से व्यापारिक वर्ग ने भी राहत की सांस ली है।

Comment List