अलवर बना राजस्थान का सबसे धनवान जिला, प्रति व्यक्ति आय में राजधानी दूसरे स्थान पर

एनसीआर क्षेत्र से जुड़ाव के कारण आर्थिक स्थिति मजबूत

अलवर बना राजस्थान का सबसे धनवान जिला, प्रति व्यक्ति आय में राजधानी दूसरे स्थान पर
आर्थिक समीक्षा 2025-26 के अनुसार, वर्ष 2024-25 में अलवर की प्रति व्यक्ति आय 2.68 लाख रुपए रही, जबकि जयपुर 2.60 लाख रुपए के साथ दूसरे स्थान पर है। जैसलमेर, राजसमंद और भीलवाड़ा टॉप-5 में शामिल हैं। वहीं डूंगरपुर सबसे पीछे है।

जयपुर। राजस्थान में आर्थिक समृद्धि के मामले में अलवर ने राजधानी जयपुर को पीछे छोड़ दिया है। प्रति व्यक्ति आय के लिहाज से अलवर प्रदेश का सबसे धनवान जिला बनकर उभरा है। जयपुर दूसरे स्थान पर खिसक गया है। औद्योगिक गतिविधियों, निवेश और एनसीआर क्षेत्र से जुड़ाव के कारण अलवर की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। वहीं जैसलमेर, राजसमंद और भीलवाड़ा भी प्रदेश के सर्वाधिक प्रति व्यक्ति आय वाले जिलों में शामिल हैं। दूसरी ओर आदिवासी बहुल डूंगरपुर और प्रतापगढ़ जैसे जिले आर्थिक समृद्धि की दौड़ में काफी पीछे हैं। राजस्थान सरकार की आर्थिक समीक्षा 2025-26 के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024-25 में अलवर की प्रति व्यक्ति आय 2 लाख 68 हजार 321 रुपए रही। जयपुर 2 लाख 60 हजार 991 रुपए के साथ दूसरे स्थान पर रहा। दोनों जिलों की प्रति व्यक्ति आय में 7,330 रुपए का अंतर है। जैसलमेर 2 लाख 34 हजार 51 रुपए के साथ तीसरे, राजसमंद 2 लाख 25 हजार 260 रुपए के साथ चौथे और भीलवाड़ा 2 लाख 22 हजार 367 रुपए के साथ पांचवें स्थान पर रहा।

औद्योगिक विकास ने अलवर को बनाया नंबर वन

अलवर की आर्थिक मजबूती के पीछे भिवाड़ी, नीमराना और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों की अहम भूमिका है। यहां ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, इंजीनियरिंग और विनिर्माण क्षेत्र की अनेक औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं। दिल्ली-एनसीआर से नजदीकी और औद्योगिक निवेश ने जिले की अर्थव्यवस्था को गति दी है। दूसरी ओर जयपुर की अर्थव्यवस्था व्यापार, पर्यटन, शिक्षा, चिकित्सा, रियल एस्टेट और सेवा क्षेत्र पर आधारित है। इन तमाम गतिविधियों के बावजूद प्रति व्यक्ति आय में अलवर ने राजधानी को पीछे छोड़ दिया है।

जैसलमेर और राजसमंद ने भी दिखाई आर्थिक ताकत

Read More 235 पदक विजेता खिलाड़ियों को मिलेगी सरकारी नौकरी, नियुक्ति प्रस्ताव मंजूर

प्रति व्यक्ति आय की सूची में जैसलमेर का तीसरे स्थान पर पहुंचना भी खास है। पर्यटन, खनिज संपदा और ऊर्जा क्षेत्र की गतिविधियां जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रही हैं। राजसमंद चौथे स्थान पर है, जबकि भीलवाड़ा कपड़ा उद्योग और औद्योगिक गतिविधियों के दम पर पांचवें स्थान पर बना हुआ है।

Read More मुख्यमंत्री ने स्ट्रीट वेंडर्स से की दीपावली की खरीदारी, परिवार संग आए नजर

डूंगरपुर सबसे पीछे, धौलपुर और करौली की स्थिति भी कमजोर

Read More गोवर्धन पूजा पर भजनलाल शर्मा ने किए गिरिराज के दर्शन, आगे बढ़ने का लिया आशीर्वाद

प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय के मामले में डूंगरपुर सबसे निचले पायदान पर है। वर्ष 2024-25 में यहां प्रति व्यक्ति आय 1 लाख 6 हजार 779 रुपए रही। धौलपुर में 1 लाख 18 हजार 61 रुपए, करौली में 1 लाख 26 हजार 341 रुपए और प्रतापगढ़ में 1 लाख 31 हजार 971 रुपए दर्ज की गई। इससे प्रदेश के औद्योगिक रूप से विकसित जिलों और अपेक्षाकृत पिछड़े क्षेत्रों के बीच आर्थिक असमानता की तस्वीर सामने आती है।

दो साल पहले भी अलवर था सबसे आगे

वर्ष 2023-24 में भी अलवर 2 लाख 40 हजार 808 रुपए की प्रति व्यक्ति आय के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर था। उस समय भीलवाड़ा 2 लाख 37 हजार 76 रुपए के साथ दूसरे और जयपुर 2 लाख 36 हजार 666 रुपए के साथ तीसरे स्थान पर था। अजमेर और जैसलमेर क्रमश: चौथे और पांचवें स्थान पर थे। नए आंकड़ों में अलवर ने अपनी स्थिति और मजबूत की है। प्रति व्यक्ति आय किसी जिले की कुल आय और जनसंख्या के आधार पर निकाला गया औसत है। इसका यह मतलब नहीं है कि जिले के प्रत्येक व्यक्ति की वास्तविक कमाई इतनी ही है। हालांकि यह आंकड़ा अलग-अलग जिलों की आर्थिक स्थिति और विकास के स्तर की तुलना करने का महत्वपूर्ण पैमाना माना जाता है।

Tags: district

Related Posts

Post Comment

Comment List

Latest News

पशुओं को पानी पिलाने गया युवक, तालाब में डूबने से  मौत पशुओं को पानी पिलाने गया युवक, तालाब में डूबने से मौत
पशुओं को पानी पिलाने तालाब पर गए युवक की डूबने से मौत हो गई। अशोक सुबह पीलिया तालाब पर पशुओं...
बाइक पर आए आतंकी, अचानक चलाई गोलियां; सीआरपीएफ के 2 जवान घायल
अलवर बना राजस्थान का सबसे धनवान जिला, प्रति व्यक्ति आय में राजधानी दूसरे स्थान पर
हाईकोर्ट के नाम पर फर्जी आदेश, सरकार ने बंद करा दीं 129 वेबसाइट
स्वच्छता सर्वेक्षण में जयपुर को झटका! प्रदेश में नंबर-वन, देश में टॉप-20 से भी बाहर
शोरूम से उठीं आग की लपटें, पूरे बाजार में हड़कंप
न नौकरी, न डिग्री... सिर्फ ट्रेनिंग से मिलेंगे 20 हजार रुपए, मान सरकार का फैसला