जंतर-मंतर में ट्राइपॉड से वीडियो बनाने से रोका, अमेरिकी क्रिएटर बोला... ऐसा अजीब नियम कहीं नहीं देखा
10 हजार रुपए तक जुर्माना लगने की चेतावनी दी
जयपुर। जंतर-मंतर स्मारक में घूमने पहुंचे अमेरिकी कंटेंट क्रिएटर जेक एक्सप्लेन्स को ट्राइपॉड पर कैमरा लगाकर वीडियो बनाने से रोक दिया। यहां सुरक्षा में तैनात महिला होमगार्ड ने उन्हें बिना अनुमति शूटिंग करने पर 10 हजार रुपए तक जुर्माना लगने की चेतावनी भी दी। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि दैनिक नवज्योति इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। इस घटना से हैरान जेक ने अपने वीडियो में इस नियम को ‘वन आॅफ द मोस्ट बिजार रूल्स आई हैव एवर सीन’ यानी अब तक देखे गए सबसे अजीब नियमों में से एक बताया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए उन्होंने सवाल उठाया कि जब पर्यटक मोबाइल से सेल्फी और तस्वीरें ले सकते हैं, तो ट्राइपॉड पर कैमरा लगाकर वीडियो बनाने पर रोक क्यों है ?
इस दौरान एक भारतीय पर्यटक ने उन्हें नियम समझाने की कोशिश की। जेक ने वीडियो में करीब 300 साल पुरानी विशाल सूर्य घड़ी का ऐतिहासिक महत्व बताया। उनका यह वीडियो सामने आने के बाद स्मारकों में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के नियमों पर चर्चा शुरू हो गई है। जंतर-मंतर स्मारक की अधीक्षक प्रतिभा यादव ने बताया कि ट्राइपॉड से शूटिंग के लिए अनुमति जरूरी है। स्टिल फोटोग्राफी के लिए 5 हजार प्रतिदिन के हिसाब से निर्धारित है। मोबाइल से फोटोग्राफी पर कोई रोक नहीं है। इसके लिए पुरातत्व विभाग की ओर से निर्धारित शुल्क जमा करवाकर ट्राइपॉड से शूट किया जा सकता है।

Comment List