जयपुर में एएमआर जागरूकता सप्ताह शुरू, एंटीबायोटिक के गलत इस्तेमाल पर जताई चिंता
24 नवंबर तक होंगे आयोजन
जयपुर। एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की रोकथाम और एंटीबायोटिक दवाओं के जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जयपुर प्रथम में 24 नवंबर तक विश्व एएमआर जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। गुरुवार को नीले गुब्बारे उड़ाकर अभियान की शुरुआत की गई। इस वर्ष की थीम वन हेल्थ, वन एक्शन, प्रिवेंट एएमआर नाउ है। सीएमएचओ जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने कहा कि एंटीबायोटिक का अनावश्यक और गलत उपयोग भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बन सकता है।
उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से इनके उपयोग को चिकित्सकीय परामर्श तक सीमित रखने तथा आमजन को जागरूक करने की अपील की। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. मनु शेखावत ने बताया कि सप्ताह के दौरान चिकित्सा संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम, शपथ, पोस्टर प्रदर्शन और ऑनलाइन वेबिनार व प्रश्नोत्तरी आयोजित होंगी। वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. विनोद शर्मा ने कहा कि एंटीबायोटिक वायरल सर्दी-जुकाम व फ्लू में प्रभावी नहीं हैं। बिना सलाह दवा लेना, उपचार अधूरा छोड़ना या पुरानी पर्ची पर दवा लेना AMR बढ़ा सकता है। अभियान में संक्रमण नियंत्रण और हाथों की स्वच्छता पर भी जोर रहेगा।

Comment List