निर्जला एकादशी पर अमृत सेवा अभियान का आगाज, शहर भर में लगे 200 से ज्यादा सेवा स्टॉल
झाबर सिंह खर्रा ने अभियान की शुरुआत की
जयपुर। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर नगर निगम जयपुर की ओर से आयोजित अमृत सेवा अभियान का शुभारंभ हुआ। नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने अभियान की शुरुआत की। इसके तहत नगर निगम क्षेत्र में 200 से अधिक स्थानों पर शीतल पेय, शरबत, छाछ, जूस, आइसक्रीम सहित अन्य पेय पदार्थों का वितरण किया जा रहा है।
जोन स्तर पर भी सेवा स्टॉल लगाई गई हैं। मोती डूंगरी स्थित स्टॉल पर नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने स्वयं आमजन को शरबत, आइसक्रीम और अन्य पेय पदार्थ वितरित किए। उन्होंने गोविंद देव जी मंदिर परिसर में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अभियान के दौरान शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम ने विशेष इंतजाम किए हैं। कहीं भी कचरा या गंदगी नहीं फैले, इसके लिए सफाई कर्मचारियों को पाबंद किया गया है। आमजन से भी सड़क पर कचरा नहीं फैलाने की अपील की जा रही है। आयुक्त ओम कसेरा की पहल पर आयोजित इस अभियान को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। गोविंद देव जी मंदिर के बाद आयुक्त रेलवे स्टेशन, चोमू पुलिया और 200 फीट बाईपास सहित अन्य स्थानों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्र कुमार बंसल और उपायुक्त स्वास्थ्य ओम थानवी भी मौजूद रहे।

Comment List