हवामहल में ईमानदारी की मिसाल : स्टाफ ने लौटाया पर्यटक का कीमती बैग, नकदी और आभूषण सही-सलामत पर्यटक को वापस मिले
प्रशासन ने वायरलेस से अनाउंसमेंट करवाया
हवामहल स्मारक में ईमानदारी की मिसाल। हैदराबाद के पवन कुमार वर्मा भ्रमण के दौरान 42 हजार रुपए नकद, चांदी के आभूषण व जरूरी दस्तावेजों वाला बैग भूल गए। स्टाफ ने बैग सुरक्षित रखकर अनाउंसमेंट करवाया। मालिक को बैग लौटा दिया। पर्यटक ने प्रशासन की ईमानदारी की सराहना की।
जयपुर। जयपुर की शान हवामहल स्मारक में मंगलवार को ईमानदारी और जिम्मेदारी की एक प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली। हैदराबाद निवासी पवन कुमार वर्मा अपने परिवार के साथ हवामहल स्मारक घूमने आए थे। भ्रमण के दौरान वे द्वितीय चौक में अपना बैग भूल गए। कुछ देर बाद स्मारक प्रशासन के स्टाफ की नजर बैग पर पड़ी। स्टाफ ने बिना देर किए बैग को सुरक्षित कार्यालय में जमा कराया। जब बैग की जांच की गई तो उसमें 42 हजार रुपए नकद, चांदी के आभूषण, आईडी कार्ड और अन्य कीमती सामान मिला। हवामहल स्मारक अधीक्षक सरोजनी चंचलानी ने बताया कि स्मारक प्रशासन ने तुरंत वायरलेस सेट के माध्यम से अनाउंसमेंट करवाया।
अनाउंसमेंट सुनकर पर्यटक पवन कुमार वर्मा कार्यालय पहुंचे, जहां पहचान की पुष्टि के बाद उन्हें उनका बैग सुरक्षित सौंप दिया गया। अपना सामान सही-सलामत वापस मिलने पर उन्होंने हवामहल प्रशासन और स्टाफ का आभार जताया।

Comment List