पशुपालन विभाग के कार्मिक 19 अगस्त को देंगे धरना, लंबित मांगों के समाधान की मांग
शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा
जयपुर। पशुपालन विभाग के कार्मिकों की लंबित मांगों के समाधान को लेकर राजस्थान पशु चिकित्सा कर्मचारी संघ, जयपुर जिला शाखा ने आंदोलन का ऐलान किया है। संघ की ओर से संयुक्त निदेशक कार्यालय, जिला जयपुर के समक्ष 19 अगस्त 2026 को प्रथम चरण में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
संघ के जिलाध्यक्ष बाबूलाल चौधरी (सेरावत) और जिलामंत्री भगवान सिंह पहाड़िया की ओर से संयुक्त निदेशक, पशुपालन विभाग को भेजे पत्र में बताया गया कि जिले में पदस्थापित पशुधन निरीक्षकों, पशुधन प्रसार अधिकारियों, वरिष्ठ पशुधन प्रसार अधिकारियों एवं मुख्य पशुधन प्रसार अधिकारियों के वेतन, भत्तों तथा अन्य लाभों से जुड़े प्रकरण लंबे समय से लंबित हैं।
पत्र में आरोप लगाया गया कि बार-बार आग्रह के बावजूद कार्मिकों की लंबित समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, जिससे उनमें रोष व्याप्त है। संघ ने कहा कि लंबित मामलों के कारण कार्मिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
संघ के अनुसार, निदेशालय स्तर से लंबित प्रकरणों के समाधान के लिए जिला अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। अब मांगों के समाधान के लिए 19 अगस्त को धरना दिया जाएगा।

Comment List