एएनटीएफ का बालेसर में ड्रग्स हब पर धावा : तस्करों से मुठभेड़ के बीच 90 करोड़ की एमडी जब्त, सरगना सहित गिरोह के 6 बदमाशों को दबोचा
मांग बढ़ी तो बनाई एमडी
पुलिस ने बालेसर के खेत में चल रही हाईटेक एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। दबिश के दौरान तस्करों ने फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ जैसे हालात बने। मुख्य सरगना समेत 6 गिरफ्तार हुए। करीब 176 किलो एमडी बरामद, कीमत 90 करोड़ आंकी गई। फैक्ट्री अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़ी थी।
जयपुर। राजस्थान में नशे के नेटवर्र्क पर अब तक का सबसे बड़ा प्रहार करते हुए पुलिस और एएनटीएफ ने बालेसर के एक खेत में चल रही हाईटेक एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर मुख्य सरगना समेत हापूराम बाना, नरेश (केमिस्ट), बुधराम, नरेंद्र, श्रवण निवासी बाड़मेर और अजाराम निवासी बालेसर को गिरफ्तार किया है। देर रात इस कार्रवाई में तस्करों ने फायरिंग की, जवाब में पुलिस ने मोर्चा संभाला और मुठभेड़ जैसे हालात के बीच पूरे गिरोह को दबोच लिया।
ऐसे हुई कार्रवाई
एएनटीएफ आईजी विकास कुमार ने बताया कि बालेसर क्षेत्र के लूणावपुरा गांव में शनिवार देर रात पुलिस और एएनटीएफ टीम ने एक आॅपरेशन को अंजाम दिया। खेत के बीच बने एक मकान में अत्याधुनिक तकनीक से एमडी ड्रग्स तैयार की जा रही थी। जैसे ही टीम ने तड़के करीब 3.30 बजे दबिश दी, अंदर मौजूद तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। कार्रवाई के दौरान हापूराम बाना और एक अन्य बदमाश भागने के प्रयास में घायल होकर गिर पड़ा। टीम ने घेराबंदी कर किसी को भागने का मौका नहीं दिया। छापेमारी में करीब 176.62 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 90 करोड़ रुपए आंकी गई है। टीम ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए खेत तक पहुंची ताकि किसी को भनक न लगे।
मांग बढ़ी तो बनाई एमडी
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि एएनटीएफ की सख्ती के चलते बाजार में एमडी ड्रग्स की सप्लाई कम हो गई थी, जिससे मांग बढ़ गई। इसको पूरा करने के लिए एक साथ बड़े स्तर पर उत्पादन किया जा रहा था। यह फैक्ट्री लंबे समय से गुप्त रूप से चल रही थी और इसके तार अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।
कैसे रची गई साइलेंट स्ट्राइक
- गुप्त सूचना पर कई घंटों तक निगरानी
- ट्रैक्टर-ट्रॉली से टीम की एंट्री
- तड़के 3.30 बजे एक साथ दबिश
- फायरिंग के बीच जवाबी कार्रवाई
- चारों ओर से इलाके की घेराबंदी
- ड्रग्स फैक्ट्री का पूरा खेल
- खेत के मकान में छिपाकर बनाया गया सेटअप
- आधुनिक उपकरणों से तैयार हो रही थी एमडी
- लंबे समय से गुप्त संचालन
- अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े तार
- बढ़ती मांग के चलते बड़े स्तर पर उत्पादन

Comment List