एएनटीएफ का प्रदेशभर में बड़ा एक्शन: 100 किलो से ज्यादा डोडा-चूरा समेत भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त
छह जिलों में ANTF का बड़ा प्रहार
जयपुर। नशा मुक्त भारत विजन-2047 के तहत एएनटीएफ ने शनिवार को प्रदेश के छह जिलों में एक साथ कार्रवाई कर नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार किया। एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्तकार्रवाई में 100 किलो 630 ग्राम डोडा-चूरा, 1.55 किलो डोडा पोस्त छिलका, 806 ग्राम डोडा चूरा, 225 ग्राम से अधिक अफीम, 3.62 ग्राम स्मैक, 46 ग्राम गांजा तथा 3.845 किलो डोडा-पोस्त बरामद किया गया। सात आरोपियों को गिरफ्तार कर एक कार और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। एएनटीएफ आईजी विकास कुमार ने बताया कि नागौर के थांवला थाना क्षेत्र में फिल्मी अंदाज में पीछा कर रामनिवास उर्फ मिर्धा और ओमप्रकाश को गिरफ्तार किया गया। उनकी होंडा सिटी कार से 100 किलो 630 ग्राम डोडा-चूरा बरामद हुआ।
आरोपी भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन टीम ने स्टॉप स्टिक से कार के टायर पंचर कर दबोच लिया। चूरू जिले के सरदारशहर में रामकिशन उर्फ रामो के कब्जे से 1.55 किलो डोडा पोस्त छिलका, 806 ग्राम डोडा चूरा, 104 ग्राम अफीम और 3200 रुपए बरामद किए गए। फलोदी जिले के लोहावट क्षेत्र में पुनाराम से 121.6 ग्राम अफीम और 648.5 ग्राम डोडा-पोस्त बरामद हुआ। बीकानेर जिले के गड़ा थाना क्षेत्र में एक कार्रवाई के दौरान 3.845 किलो डोडा-पोस्त जब्त किया गया, हालांकि आरोपी जालम सिंह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
जयपुर जिले के जमवारामगढ़ क्षेत्र में रामदयाल और उसकी पत्नी सुशीला देवी को 3.62 ग्राम स्मैक तथा मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं अलवर जिले के थानागाजी क्षेत्र में रामखिलाड़ी से 46 ग्राम गांजा और 1300 रुपए जब्त किए गए।

Comment List