आईएएस अबरीश कुमार बिना अनुमति छुट्टी पर जाने के कारण एपीओ; डॉ. रोहित गुप्ता को मिला अतिरिक्त प्रभार
बिना अनुमति के छुट्टी पर जाने से विवाद
जयपुर। राज्य सरकार ने आईएएस अबरीश कुमार को आगामी आदेशों तक पदस्थापन आदेशों की प्रतीक्षा (एपीओ) में रखा है। इस संबंध में कार्मिक विभाग ने शुक्रवार को आदेश जारी किए। जारी आदेश के अनुसार, वर्ष 2004 बैच के आईएएस अधिकारी अबरीश कुमार, जो वर्तमान में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के शासन सचिव के पद पर कार्यरत थे, उन्हें एपीओ किया गया है। जानकारी के अनुसार बीते दिनों से वे बिना अनुमति छुट्टी पर चले गए हैं। बताया जा रहा है कि वे विदेश गए है। इस मामले में कार्मिक विभाग की सचिव अर्चना सिंह ने मामले की फाइल तीन दिन पहले सीएमओ भेजी थी। बताया जा रहा है कि सीएमओ की मंजूरी के बाद उन्हें एपीओ किया गया है।
वहीं, वर्ष 2006 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. रोहित गुप्ता, जो वर्तमान में राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम लिमिटेड (RRECL) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक हैं, अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के शासन सचिव का अतिरिक्त कार्यभार भी आगामी आदेशों तक संभालेंगे। कार्मिक विभाग के संयुक्त शासन सचिव डॉ. धीरज कुमार सिंह द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

Comment List