पद्म पुरस्कारों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू : दिशा-निर्देशों में अहम बदलाव, समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों को मिलेगा विशेष महत्व
भाव और समग्र दृष्टिकोण को प्रमुख आधार बनाया जाएगा
अनसुने लेकिन प्रभावशाली कार्य करने वालों को प्राथमिकता मिलेगी। जिला कलेक्टर 2-3 नाम भेजेंगे। कला, विज्ञान, सामाजिक कार्य सहित कई क्षेत्रों के लोग आवेदन कर सकते हैं। संशोधित दिशा-निर्देशों के तहत चयन में योगदान और समाज पर प्रभाव को अहम आधार बनाया गया है।
जयपुर। पद्म पुरस्कारों के लिए इस वर्ष आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 15 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस बार दिशा-निर्देशों में अहम बदलाव किए गए हैं। अब उन व्यक्तियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्होंने बिना प्रचार-प्रसार के शांतिपूर्वक अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। ऐसे लोग जो अब तक अपरिचित या कम मान्यता प्राप्त रहे हैं, लेकिन समाज में सकारात्मक बदलाव लाए हैं, उन्हें विशेष महत्व दिया जाएगा। चयन प्रक्रिया में उनके योगदान, प्रभाव और समग्र दृष्टिकोण को प्रमुख आधार बनाया जाएगा।
दिशा-निर्देशों के अनुसार संबंधित जिला कलेक्टर अपने क्षेत्र से 2-3 योग्य अभ्यर्थियों की पहचान कर प्रस्ताव भेजेंगे। कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक जीवन, विधि, राजनीति, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, व्यापार एवं उद्योग, चिकित्सा, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, मानवाधिकार संरक्षण, वन्यजीव संरक्षण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्ति आवेदन कर सकते हैं। सार्वजनिक उपक्रमों एवं अन्य सरकारी सेवाओं में कार्यरत कर्मियों को भी इसमें शामिल किया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। हाल ही में मुख्य सचिव की बैठक में संशोधित दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे।

Comment List