अरावली बचाव आंदोलन : RLP कार्यकर्ताओं की रैली, सरकार से की सख्त कार्रवाई की मांग
बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, युवा और पर्यावरण प्रेमी शामिल हुए
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के कार्यकर्ताओं ने अरावली पर्वतमाला संरक्षण और पर्यावरण बचाने की मांग को लेकर राजस्थान यूनिवर्सिटी से मुख्यमंत्री निवास तक रैली निकाली। रैली में बड़ी संख्या में युवा और पर्यावरण प्रेमी शामिल थे। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक पुलिस बंदोबस्त किया। RLP ने अवैध खनन और अतिक्रमण रोकने की मांग की।
जयपुर। अरावली पर्वतमाला को बचाने और पर्यावरण संरक्षण की मांग को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के कार्यकर्ताओं ने राजस्थान यूनिवर्सिटी से मुख्यमंत्री निवास की ओर घेराव के लिए रैली निकाली। रैली में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, युवा और पर्यावरण प्रेमी शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने अरावली क्षेत्र में हो रहे खनन, अतिक्रमण और पर्यावरणीय क्षति को रोकने की मांग करते हुए नारेबाजी की।
रैली राजस्थान यूनिवर्सिटी परिसर से शुरू होकर निर्धारित मार्गों से होते हुए मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़ी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने व्यापक पुलिस बंदोबस्त किया था। रैली मार्ग पर जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए आयोजकों से लगातार संवाद बनाए रखा।
RLP नेताओं ने कहा कि अरावली राजस्थान की जीवनरेखा है और इसके संरक्षण के बिना जल, पर्यावरण और जैव-विविधता को गंभीर खतरा है। उन्होंने राज्य सरकार से अरावली क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने, सख्त कानून लागू करने और संरक्षण योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की।

Comment List