अशोक गहलोत ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, कहा- छात्रों की आवाज दिल्ली तक पहुंचेगी
शैक्षणिक संस्थानों पर दबाव बनाया गया
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में उठ रही छात्रों की आवाज से सरकार घबरा गई है।
गहलोत ने कहा कि जिस तरह पहले कोटा में राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर बाधाएं खड़ी की गई और शैक्षणिक संस्थानों पर दबाव बनाया गया, उसी तरह उत्तराखंड के देहरादून में भी कार्यक्रम में व्यवधान डालने की कोशिश की गई। उन्होंने दावा किया कि इन प्रयासों के बावजूद कोटा का कार्यक्रम बेहद सफल रहा, जिससे भाजपा बौखला गई है। देहरादून में भी कार्यक्रम स्थल बदलने के बावजूद युवा और छात्र बड़ी संख्या में राहुल गांधी से मिलने और उन्हें सुनने के लिए पंजीकरण करा रहे हैं। उनके अनुसार, पूरा देश भाजपा सरकार की कार्यशैली को देख रहा है और छात्रों के बीच सरकार के प्रति भारी नाराजगी है, लेकिन सरकार अब भी आम जनता और युवाओं के मन की बात समझने में विफल रही है।
गहलोत ने कहा कि यह कार्यक्रम छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को सरकार के सामने प्रमुखता से रखने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार द्वारा युवाओं को उकसाने और कार्यक्रम में बाधा डालने की कोशिश पूरी तरह अनावश्यक थी। उन्होंने विश्वास जताया कि देहरादून से उठने वाली छात्रों की यह आवाज दिल्ली की सत्ता तक जरूर पहुंचेगी।

Comment List