सुनील शर्मा का बाबा बालमुकुंद आचार्य पर हमला, बोले- ये बवाल नहीं, पैसों की फसल काट रहे हैं
बाबा का ध्यान जनसेवा के बजाय धन संग्रह पर केंद्रित
जयपुर। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष सुनील शर्मा ने बाबा बालमुकुंदचार्य पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ऐसे लोगों का इलाज कांग्रेस करना जानती है। यदि बाबा अपनी हरकतों से बाज नहीं आए तो कांग्रेस उनका इलाज कर देगी। शर्मा ने कहा कि बाबा के रूप में प्रचारित किए जा रहे व्यक्ति वास्तव में विधानसभा के लिए बवाल हैं। वे बवाल नहीं काट रहे, बल्कि पैसों की फसल काट रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाबा का ध्यान जनसेवा के बजाय धन संग्रह पर केंद्रित है।
शर्मा ने कहा कि जो व्यक्ति अपने दिन के दो घंटे मेकअप, फाउंडेशन और बालों को संवारने में लगाता हो तथा धन संग्रह में जुटा हो, उसे बाबा कहना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति न तो बाबा हैं और न ही संन्यासी, बल्कि धन संग्रह ही उनका प्रमुख उद्देश्य है। शर्मा ने उन्हें पतित संन्यासी बताते हुए कहा कि ऐसे उदाहरण समाज के लिए दुर्भाग्यपूर्ण हैं।

Comment List