प्रदेश में बांधों में जलभराव की स्थिति, औसत जलभराव 66.79 प्रतिशत
अन्य बांध 60 प्रतिशत से अधिक भरे
जयपुर। प्रदेश में मानसून के बीच बांधों में जलभराव की स्थिति अलग-अलग जल संसाधन जोन में काफी असमान बनी हुई है। जल संसाधन विभाग की गुरुवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार कोटा जोन में बांधों का औसत जलभराव सबसे अधिक 66.79 प्रतिशत है, जबकि जोधपुर जोन सबसे पीछे है, जहां कुल क्षमता के मुकाबले महज 14.29 प्रतिशत पानी दर्ज किया गया। कोटा जोन में कुल 1213.003 एमक्यूएम क्षमता के मुकाबले 810.133 एमक्यूएम पानी है। यहां बारां के कई बांध 70 से 100 प्रतिशत तक भरे हैं। जयपुर जोन में 755.921 एमक्यूएम क्षमता के मुकाबले 354.411 एमक्यूएम पानी है और जलभराव 46.88 प्रतिशत है। टोंक का माशी बांध 94.83 प्रतिशत तथा कई अन्य बांध 60 प्रतिशत से अधिक भरे हैं।
भरतपुर जोन में 277.547 एमक्यूएम क्षमता के मुकाबले 124.689 एमक्यूएम पानी यानी 44.93 प्रतिशत जलभराव है। धौलपुर के रामसागर में 98.57 प्रतिशत और भरतपुर के बरेठा में 91.81 प्रतिशत पानी है। बांसवाड़ा जोन में जलभराव 45.71 प्रतिशत और उदयपुर जोन में 40.69 प्रतिशत है। वहीं जोधपुर जोन में 544.642 एमक्यूएम क्षमता के मुकाबले केवल 77.809 एमक्यूएम पानी है। जालोर के कई बांधों में पानी 10 प्रतिशत से भी कम है, जबकि जोधपुर के जसवंतसागर में जलभराव शून्य दर्ज हुआ है।

Comment List