कहीं राम मंदिर तो कहीं रामसेतु... दीपावली पर जयपुर के बाजारों में दिखा अद्भुत नजारा
रोशनी का महासंगम बना जयपुर
जयपुर। दीपावली के आगाज के साथ ही गुलाबी नगरी रोशनी के रंगों में नहा उठी है। परकोटे के ऐतिहासिक बाजारों से लेकर बाहरी कॉलोनियों और जयपुर के आसपास करीब 50 किलोमीटर के दायरे तक दीपोत्सव की जगमगाहट नजर आ रही है। बाजारों की सड़कों पर रंगीन फर्रियां, आकर्षक डेकोरेटिव लाइटिंग, भव्य स्वागत द्वार और थीम आधारित सजावट ने उत्सव का माहौल बना दिया है। निजी एवं सार्वजनिक भवनों, शॉपिंग मॉल्स और शोरूम तक को विशेष रोशनी से सजाया गया है। जगह-जगह बनाए गए सेल्फी पॉइंट पर लोग यादगार तस्वीरें ले रहे हैं। इस बार सजावट के साथ क्लीन जयपुर-ग्रीन जयपुर का संदेश भी दिया जा रहा है। हर बाजार ने अपनी अलग थीम और पहचान के साथ रोशनी का उत्सव सजाया है।
परकोटे में राममय हुआ दीपोत्सव
चांदपोल बाजार व्यापार मंडल की ओर से अयोध्या नगरी और रामसेतु की भव्य झांकियां सजाई गई हैं। अयोध्या की झांकी में प्रभु श्रीराम विराजमान हैं। इसका शुभारंभ चांदपोल बाजार व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं जयपुर व्यापार महासंघ अध्यक्ष सुभाष गोयल और महामंत्री सुरेश सैनी ने दीप प्रज्वलन और स्विच ऑन कर किया।
इस अवसर पर, चांदपोल बाजार व्यापार मंडल महामंत्री घनश्याम, उपाध्यक्ष कृष्णावतार अग्रवाल और दीपावली सजावट समिति संयोजक चेतन अग्रवाल सहित व्यापारी मौजूद रहे। किशनपोल बाजार व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष खूंटेटा की अध्यक्षता में बाजार की रोशनी का शुभारंभ हुआ। संयोजक श्याम खंडेलवाल, उपसंयोजक फरमान अहमद और लाइट संयोजक तालिब भाई के नेतृत्व में कार्यकारिणी सदस्यों ने सजावट को अंतिम रूप दिया। छोटा चौपड़ पर चांदपोल बाजार व्यापार मंडल की ओर से सामूहिक लक्ष्मी पूजा होगी।

Comment List