सीएम भजनलाल शर्मा का बड़ा ऐलान, शहीद परिवारों और सैनिकों के सम्मान-कल्याण पर दिए सख्त निर्देश
सैनिक परिवारों का होगा विशेष सम्मान
जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शहीद परिवारों, पूर्व एवं सेवारत सैनिकों से जुड़े विषयों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा है कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में सैनिकों के साथ खड़ी हैं। सीएम शर्मा गुरुवार को यहां सैनिक कल्याण विभाग की बैठक ली। उन्होंने कहा कि सैनिक राष्ट्र के प्रति समर्पण के प्रतीक हैं। सेवा से निवृत्त होने के बाद भी वे सामाजिक कल्याण के लिए तत्पर रहते हैं। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। मुख्यमंत्री ने भारतीय सेना की वीर गाथाओं और शौर्य के प्रतीकों से आमजन को रूबरू कराने के योजना बनाने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने शहीद स्मारकों की समुचित देखभाल करने के साथ ही प्रदेशभर में स्मारकों का एकरूपीय मॉडल विकसित करने के लिए भी निर्देशित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहीद परिवारों, पूर्व एवं सेवारत सैनिक के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है। उनका सम्मान और कल्याण सुनिश्चित करने के क्रम में विभिन्न योजनाओं को गति प्रदान की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को सैनिक कल्याण विभाग से संबंधित आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित करने के संबंध में विशेष दिशा-निर्देश प्रदान किए। बैठक में सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर सुरेन्द्र सिंह और रैक्सको के प्रबंध निदेशक मेजर जनरल विजय सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी।

Comment List