ई-जीरो एफआईआर से साइबर अपराध पर बड़ा प्रहार, 18 घंटे में 7 मामले दर्ज
अब तक प्रदेश में कुल 460 ई-जीरो एफआईआर दर्ज
जयपुर। राजस्थान पुलिस ने साइबर ठगी पर शिकंजा कसने के लिए शुरू की गई नई ई-जीरो एफआईआर व्यवस्था के पहले ही दिन असर दिखाया है। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में लागू इस व्यवस्था के तहत पहले 18 घंटे में 1 लाख से 5 लाख रुपए तक की साइबर ठगी के 7 ई-जीरो एफआईआर दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू की गई। वहीं, अब तक प्रदेश में कुल 460 ई-जीरो एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं।
एडीजी साइबर क्राइम वीके सिंह ने बताया कि 1930 हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतें अब आई4सी (एनसीआरपी) और सीसीटीएनएस के इंटीग्रेशन के जरिए संबंधित थानों तक तेजी से पहुंचेंगी। इससे थाना क्षेत्र की बाध्यता कम होगी और कार्रवाई में तेजी आएगी। साइबर ठगी के मामलों में रकम फ्रीज कराने और पीड़ितों को धनराशि वापस दिलाने की प्रक्रिया भी अधिक प्रभावी होगी। राजस्थान पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होते ही तुरंत 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस का कहना है कि जितनी जल्दी शिकायत होगी, उतनी ही जल्दी रकम बचने और वापस मिलने की संभावना बढ़ जाएगी।

Comment List