राजस्थान की सिनेमा को बड़ी उड़ान: ‘डुग डुग’ को मिला बॉलीवुड के दिग्गजों का साथ
राजस्थानी सिनेमा का नया उदय: 'डुग डुग' 8 मई को होगी रिलीज
राजस्थानी फिल्म 'डुग डुग' ने राष्ट्रीय स्तर पर हलचल मचा दी है। अनुराग कश्यप और निक्खिल आडवाणी जैसे दिग्गज फिल्मकारों के समर्थन से सजी यह व्यंग्यात्मक मिस्ट्री फिल्म 8 मई को सिनेमाघरों में उतरेगी। सच्ची घटनाओं पर आधारित यह कहानी आस्था और समाज पर तीखा प्रहार करती है, जो क्षेत्रीय सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक मोड़ है।
जयपुर। राजस्थान की फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण शुरुआत हुई है। व्यंग्यात्मक मिस्ट्री फिल्म ‘डुग डुग’ अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार है। खास बात यह है कि इस राजस्थानी फिल्म को समर्थन देने के लिए अनुराग कश्यप, निक्खिल आडवाणी, विक्रमादित्य मोटवाने और वसान बाला जैसे बड़े फिल्मकार एक साथ आए हैं। राजस्थानी कलाकारों से सजी ये फिल्म का निर्देशन युवा निर्देशक ऋत्विक पारीक ने किया है, जिन्होंने अपनी अनोखी कहानी और प्रस्तुति से अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहले ही सराहना बटोरी है।
यह पहली बार है जब किसी राजस्थानी फिल्म को इस स्तर का राष्ट्रीय समर्थन मिला है, जिससे प्रदेश की लोकल सिनेमा इंडस्ट्री को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। ‘डुग डुग’ सच्ची घटनाओं से प्रेरित एक दिलचस्प कहानी है, जिसमें एक गांव में एक मृत व्यक्ति की मोटरसाइकिल को चमत्कारी मान लिया जाता है। धीरे-धीरे यह विश्वास एक बड़े सामाजिक और व्यावसायिक रूप में बदल जाता है। फिल्म व्यंग्य और हास्य के माध्यम से समाज की सोच और आस्था पर सवाल उठाती है। यह फिल्म 8 मई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में सराहना पाने के बाद अब यह भारतीय दर्शकों के बीच अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार है। फिल्मकारों का मानना है कि ‘डुग डुग’ राजस्थानी सिनेमा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का काम करेगी। यह न केवल मनोरंजन प्रदान करेगी, बल्कि समाज को सोचने पर भी मजबूर करेगी। राजस्थान के लिए यह एक नए सिनेमा युग की शुरुआत मानी जा रही है।

Comment List