बड़ी राहत : बैंक यूनियनों ने टाली हड़ताल, इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बीच हुई बैठक में बनी सहमति
छुट्टियों को लेकर हाईलेवल कमेटी बनेगी
जयपुर। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बीच हुई बैठक के बाद प्रस्तावित बैंक हड़ताल टाल दी गई है। बैठक में बैंक सुधार, स्केल फॉर और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए पीएलआई स्कीम में बदलाव समेत अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
रविवार रात लगभग 9.30 बजे इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की बैंक हड़ताल को लेकर बैठक हुई। इस बैठक में बैंक यूनियन की मांगों समेत अन्य अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। लंबी बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच कुछ फैसलों को लेकर सहमति बनी है। शनिवार को छुट्टी घोषित किए जाने के मु्द्दे पर इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और यूनाइटेड फोरम आॅफ बैंक यूनियंस की एक हाई लेवल कमेटी का गठन किया जाएगा। यह कमेटी सभी संभावित विकल्पों पर विचार करेगी और हितधारकों के साथ चर्चा कर कोई समाधान निकालेगी।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के निर्देश के बाद रविवार को जयपुर सहित राजस्थान में निजी सार्वजनिक और ग्रामीण बैंक की सभी ब्रांच खुली। दिनभर बैंकिंग कामकाज सुचारू रूप से सामान्य दिनों की तरह चला। बड़ी राशि जमा कराना और निकासी के अधिक ग्राहक आए। ग्राहकों ने अपने पेंडिंग वित्तीय कार्य निपटाए। एमआई रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा, जेएलएन मार्ग स्थित पंजाब नेशनल बैंक की रीजनल मुख्य शाखा और बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रादेशिक कार्यालय परिसर में सुबह से ही ग्राहकों की भारी भीड़ देखी गई। पीएनबी ब्रह्मपुरी के शाखा प्रबंधक ज्ञान चंद मीणा ने बताया कि रविवार को ग्राहकों ने ई-केवाईसी, नेफ्ट, आरटीजीएस और कैश विड्रॉल जैसी सेवाओं का बिना किसी बाधा के लाभ उठाया। चूंकि केंद्र सरकार ने हड़ताल को देखते हुए केंद्रीय कर्मचारियों व पेंशनभोगियों की एडवांस सैलरी 25 तारीख को ही रिलीज कर दी थी। इसलिए जयपुर की मुख्य शाखाओं में बुजुर्गों और वेतनभोगियों की भारी भीड़ पैसे निकलवाने के लिए जुटी रही।

Comment List