महंगाई का बड़ा झटका : 1 अक्टूबर से मोबाइल, टीवी, फ्रिज और वाशिंग मशीन समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक सामान होंगे बेहद महंगे
ग्लोबल तनाव और अमेरिका-ईरान युद्ध की आहट का सीधा असर
जयपुर। जयंती बाजार, एम आई रोड, मानसरोवर सहित सभी बाजार इस बार त्योहारों का सीजन आम जनता की जेब पर भारी पड़ने वाला है। दिवाली से ठीक पहले इलेक्ट्रॉनिक होम अप्लायंसेज और गैजेट्स बाजार से एक बड़ी और चिंताजनक खबर आ रही है। आगामी 1 अक्टूबर से मोबाइल, लैपटॉप, टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, एयर कंडीशनर, मिक्सर ज्यूसर और माइक्रोवेव समेत तमाम इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की कीमतों में 4% से लेकर 6% तक की भारी बढ़ोतरी होने जा रही है। देश और दुनिया की लगभग सभी प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों ने इस संबंध में अपनी नई प्राइस लिस्ट और सर्कुलर (लेटर) जारी कर दिए हैं।
क्यों बढ़ रहे हैं दाम ?
बाजार विशेषज्ञों और व्यापार संगठनों के मुताबिक, इस अचानक होने वाली मूल्य वृद्धि के पीछे वैश्विक परिस्थितियां जिम्मेदार हैं। वर्तमान में चल रहे अमेरिका-ईरान युद्ध और अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण कच्चे माल की लागत (Raw Material Cost), लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन पर बहुत बुरा असर पड़ा है। इसके परिणामस्वरूप कंपनियों को अपनी इनपुट कॉस्ट बढ़ाने पर मजबूर होना पड़ा है, जिसका सीधा बोझ अब उपभोक्ताओं पर डाला जा रहा है।
₹1,000 से ₹10,000 तक खाली होगी जेब :
जयपुर इलेक्ट्रॉनिक एंड ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सचिन गुप्ता ने बताया, "लगभग सभी प्रमुख कंपनियों ने रेट्स में 4% से 6% तक की बढ़ोतरी (प्राइस रिवीजन) का आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है। नई प्राइस लिस्ट लागू होने के बाद अलग-अलग प्रोडक्ट्स की श्रेणियों और ब्रांड्स के आधार पर सामान ₹1,000 से लेकर ₹10,000 रुपये तक महंगे हो जाएंगे। निश्चित रूप से यह दिवाली आम जनता के लिए महंगाई वाली दिवाली साबित होने वाली है।"
व्यापारियों को सलाह: पुराने रेट पर स्टॉक सुरक्षित करने की होड़
अध्यक्ष सचिन गुप्ता ने सभी ट्रेड पार्टनर्स और डीलर्स से अपील की है कि वे इस मूल्य वृद्धि के लागू होने से पहले सतर्क हो जाएं। उन्होंने कहा, "सभी व्यापारी भाई पुराने रेट्स पर उपलब्ध स्टॉक और वर्तमान में चल रहे डील्स व ऑफर्स का अधिकतम लाभ उठाएं। अपनी जरूरत और ग्राहकों की मांग के अनुसार ऑर्डर्स को जल्द से जल्द प्लान कर लें, ताकि 1 अक्टूबर के बाद आने वाले 4 से 6 फीसदी के अतिरिक्त कॉस्ट इम्पैक्ट (वित्तीय बोझ) से बचा जा सके। जेटा के महासचिव बनारसी बाबू गुप्ता ने बताया "इस बड़ी घोषणा के बाद रिटेल मार्केट में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि जो ग्राहक दिवाली पर होम अप्लायंसेज या गैजेट्स खरीदने की सोच रहे थे, वे अब 1 अक्टूबर से पहले ही बाजारों का रुख कर सकते हैं ताकि बढ़ी हुई कीमतों की मार से बच सकें।

Comment List