कांग्रेस के धरने पर भाजपा का हमला, अराजकता फैलाने का लगाया आरोप
17 जिलों के प्रत्याशियों के चयन पर मंथन
जयपुर। राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण की तैयारियों के बीच भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। भाजपा ने इस प्रदर्शन को अराजकता फैलाने की कोशिश बताया है। राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आंदोलन करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन इसके लिए निर्धारित स्थान और प्रक्रिया का पालन जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कमिश्नरेट में धरने से कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कांग्रेस से अपनी मांगें कानूनी प्रक्रिया के तहत उठाने की अपील की। वहीं, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि कांग्रेस को प्रदर्शन के बजाय चुनावी मैदान में उतरकर जनता के बीच जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव में अपनी स्थिति को लेकर आशंकित है, इसलिए विरोध-प्रदर्शन कर रही है। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने उनके नेतृत्व पर भी सवाल उठाए। दूसरी ओर, भाजपा प्रदेश कार्यालय में पंचायत चुनाव के प्रत्याशियों के चयन को लेकर रायशुमारी जारी है। पार्टी 17 जिलों के उम्मीदवारों के नामों पर मंथन कर रही है। ऐसे में भाजपा के सामने चुनावी तैयारियों के साथ कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने की चुनौती भी है।

Comment List