पंचायत चुनाव में भाजपा के दिग्गजों ने परिवार पर लगाया दांव, बेटे-बहू और पत्नियां मैदान
राजेंद्र राठौड़ से प्रभुलाल सैनी तक, भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के परिजन चुनावी मुकाबले
जयपुर। पंचायतीराज चुनाव में भाजपा के कई दिग्गज नेताओं के परिवारजन चुनाव मैदान में हैं। मंत्रियों, पूर्व मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के बेटे, बहू और पत्नियों के चुनाव लड़ने से ग्रामीण राजनीति में हलचल तेज हो गई है। बूंदी में पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी के पुत्र मनीष कुमार सैनी ने जिला परिषद के वार्ड नंबर 20 से नामांकन दाखिल किया है। वहीं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ चूरू जिला परिषद के वार्ड 39 और बहू कनिका सिंह वार्ड 23 से चुनाव लड़ रही हैं।
नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार के चार सदस्य भी श्रीमाधोपुर क्षेत्र में चुनाव लड़ रहे हैं। उनकी पत्नी शांति देवी वार्ड 17 और छोटे बेटे अजय सिंह खर्रा वार्ड 20 से भाजपा प्रत्याशी हैं। बड़े बेटे दुर्गा सिंह खर्रा वार्ड 19 और छोटे भाई की पत्नी प्रतिभा सिंह खर्रा जिला परिषद के वार्ड 23 से निर्दलीय मैदान में हैं। झुंझुनूं में पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार की बहुएं हर्षिनी कुलहरी और अनामिका पूनिया तथा पूर्व सांसद संतोष अहलावत की बहू दीक्षा अहलावत भी चुनाव लड़ रही हैं। भाजपा नेता विश्वंभर पूनिया की बेटी नेहा पूनिया भी मैदान में हैं। इन नेताओं के परिवारजनों की उम्मीदवारी से पंचायत चुनाव में राजनीतिक परिवारों की भूमिका चर्चा का विषय बनी हुई है।

Comment List