निकाय-पंचायत चुनाव पर BJP का बड़ा मंथन, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में बनी जीत की रणनीति
संगठनात्मक मजबूती और चुनावी रणनीति पर विशेष जोर
जयपुर। भाजपा मुख्यालय में शनिवार को निकाय एवं पंचायत चुनाव संचालन समिति की बैठक मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित हुई। बैठक में आगामी निकाय और पंचायत चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद भाजपा नेता घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि निकाय और पंचायत चुनावों के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल की तुलना पिछले पांच वर्षों के शासन से करते हुए जनता के बीच जाएगी।
उन्होंने बताया कि पार्टी जल्द ही अपना घोषणा पत्र भी जारी करेगी और उसी के आधार पर चुनाव लड़ा जाएगा। घनश्याम तिवाड़ी ने संसद में हुई हालिया घटनाओं पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि "कल का दिन संसदीय इतिहास के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था। संसद की मर्यादा को तार-तार करने का काम पप्पू यादव ने किया। साधु का वेश धारण कर सनातन धर्म और संत समाज का अपमान किया गया, जिसमें राहुल गांधी भी शामिल रहे।" भाजपा की इस बैठक को आगामी स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों की तैयारियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां संगठनात्मक मजबूती और चुनावी रणनीति पर विशेष जोर दिया गया।

Comment List