बॉब सिक्योरिटीज एंड गिल्ट एज ने एनबीएफसी के रूप में शुरू किया परिचालन, सरकारी प्रतिभूतियों और ऋण पूंजी बाजार में बैंक ऑफ बड़ौदा की उपस्थिति होगी मजबूत
कंपनी ने वेबसाइट भी की लॉन्च
जयपुर। बैंक ऑफ बड़ौदा की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी बॉब सिक्योरिटीज एंड गिल्ट एज लिमिटेड ने गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी-एनडी-आईसीसी) के रूप में परिचालन शुरू कर दिया है। इस पहल से सरकारी प्रतिभूतियों और ऋण पूंजी बाजार में बैंक की उपस्थिति मजबूत होगी। परिचालन के शुभारंभ के अवसर पर कंपनी ने अपने कॉरपोरेट नाम और लोगो का अनावरण करने के साथ आधिकारिक वेबसाइट www.bobgiltedge.in भी लॉन्च की।
बैंक की वित्तीय सेवाओं का विस्तार करने और बॉब समूह को एक विविधीकृत वित्तीय सेवा प्रदाता के रूप में विकसित करने की रणनीति के तहत यह पहल की गई है। कंपनी बाजार निर्माण और इससे जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से वित्तीय बाजारों के विकास में योगदान देगी। इससे बाजार की कार्यक्षमता बढ़ाने और निवेशकों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इसमें भारतीय रिजर्व बैंक के रिटेल डायरेक्ट प्लेटफॉर्म के माध्यम से निवेश करने वाले खुदरा निवेशक भी शामिल हैं।
बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. देबदत्त चांद ने कहा कि बॉब सिक्योरिटीज एंड गिल्ट एज लिमिटेड की शुरुआत बैंक के लिए एक महत्वपूर्ण रणनीतिक पहल है। एनबीएफसी के रूप में परिचालन शुरू करना सरकारी प्रतिभूतियों और ऋण पूंजी बाजार में बैंक की उपस्थिति मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि कंपनी की विशिष्ट गतिविधियां भारतीय वित्तीय बाजारों को अधिक मजबूत बनाने, बाजार की कार्यक्षमता बढ़ाने और निवेशकों की व्यापक भागीदारी को प्रोत्साहित करने में सहायक होंगी। ऐसी विशिष्ट अनुषंगी कंपनियां बैंक की वित्तीय सेवाओं में विविधता लाने, कारोबार के नए अवसर विकसित करने और पूरे बॉब समूह को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। शुभारंभ कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा के निदेशक, बॉब सिक्योरिटीज एंड गिल्ट एज लिमिटेड के निदेशक तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Comment List