ब्रेनडेड मरीज ओमप्रकाश ने 3 लोगों को दी नई जिंदगी : SMS अस्पताल में सफल अंगदान, ग्रीन कॉरिडोर बनाकर दिल्ली पहुंचाई गईं किडनियां
मरीज की दोनों किडनियां दिल्ली स्थित ILBS अस्पताल भेजी
जयपुर। राजधानी के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में 44 वर्षीय ब्रेनडेड मरीज ओमप्रकाश सोनी का सफल कैडेवर ऑर्गन डोनेशन संपन्न हुआ। इस अंगदान ने तीन जरूरतमंद मरीजों को नई जिंदगी देने का कार्य किया। पूरी प्रक्रिया में SMS मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी, अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी, ज्वाइंट डायरेक्टर SOTTO डॉ. चित्रा सिंह, नोडल प्रभारी ऑर्गन ट्रांसप्लांट डॉ. मुकेश भास्कर तथा एनेस्थीसिया विभाग की डॉ. प्रियंका की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जानकारी के अनुसार, वाटिका निवासी ओमप्रकाश सोनी 3 मई को एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें SMS अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने लगातार उपचार किया, लेकिन बाद में उन्हें ब्रेनडेड घोषित करना पड़ा। इसके बाद ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर टीम ने परिजनों को अंगदान के लिए प्रेरित किया, जिस पर परिवार ने सहमति देकर मानवता की मिसाल पेश की।
मरीज की दोनों किडनियां दिल्ली स्थित ILBS अस्पताल भेजी गईं। इसके लिए जयपुर से दिल्ली तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। वहीं, मरीज का लीवर SMS अस्पताल में ही एक जरूरतमंद मरीज को सफलतापूर्वक प्रत्यारोपित किया गया। अस्पताल प्रशासन ने इसे अंगदान के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।

Comment List