सड़क सुरक्षा पर मंथन : 12 जून को होगी जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, आवश्यक दिशा-निर्देश जारी
नगर निगम और जेडीए के अधिकारियों के साथ चर्चा
जयपुर। जयपुर जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक 12 जून को दोपहर 3 बजे जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। बैठक में शहर और ग्रामीण क्षेत्र में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। बैठक में पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए सर्वेक्षण हेतु चयनित 15 स्थानों की रिपोर्ट पर नगर निगम और जेडीए के अधिकारियों के साथ चर्चा होगी। इसके अलावा यादगार से सीतापुरा तक आदर्श पथ विकसित करने की योजना की प्रगति पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड की पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की क्रियान्विति, जयपुर शहर में फ्री लेफ्ट निर्माण एवं सुधार कार्यों की स्थिति तथा फूड वैन और अन्य मॉडीफाइड वाहनों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा भी एजेंडे में शामिल है। बैठक में 12 जुलाई 2026 तक चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा अभियान की प्रगति रिपोर्ट पर चर्चा होगी। साथ ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में दुपहिया वाहनों पर पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए हेलमेट अनिवार्यता के पालन तथा सिटी बसों को केवल निर्धारित बस स्टॉप पर ही रोकने के निर्देशों की अनुपालना की भी समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों से सभी बिंदुओं पर विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।

Comment List