जानलेवा हमले में घायल कैफे संचालक की मौत, 2 बदमाश अब भी फरार
सिर का ऑपरेशन होने के बाद भी नहीं बच सकी जान
जयपुर। वैशाली नगर में महिला कर्मचारी के दोस्त को टोकने पर कैफे संचालक पर हुए जानलेवा हमले का मामला अब हत्या में बदल गया। हमले में गंभीर रूप से घायल कैफे संचालक मयंक गोपालिया ने सोमवार देर रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वह पिछले 11 दिनों से जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे थे। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनका ऑपरेशन भी किया गया था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के अंतिम संस्कार के लिए परिजन शव उनके पैतृक गांव राजाखेड़ा (अलवर) ले गए। थाना प्रभारी अरविन्द सिंह शेखावत ने बताया कि घटना 5 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे की है। वैशाली नगर निवासी मयंक गोपालिया वैशाली मार्ग पर ओवन द बेकरी नाम से कैफे चलाते थे। रात को कैफे बंद कर वह पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान कैफे से कुछ दूरी पर घात लगाकर खड़े बदमाश पीछे से दौड़ते हुए आए और मयंक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से वह जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी हमलावर उन पर लगातार वार करते रहे। मयंक को मृत समझकर आरोपी अपने साथियों के साथ बाइक और स्कूटी पर बैठकर फरार हो गए।
2 को जेल भेजा, एक पीसी रिमाण्ड पर और दो की तलाश जारी :
पुलिस जांच में सामने आया कि कैफे में काम करने वाली महिला कर्मचारी से मिलने उसका दोस्त मोहम्मद शाहरुख अक्सर आता था। उस पर कैफे संचालक ने उसे टोक दिया था। इसी बात को लेकर शाहरुख ने मयंक को जान से मारने की धमकी दी थी। 5 नवंबर को दिन में दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद रात को आरोपी शाहरुख ने अपने साथियों के साथ मिलकर मयंक पर हमला कर दिया। पुलिस इस मामले में मोहम्मद शाहरुख, अकमान और मोहम्मद रसीद उर्फ अल्तमस को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस अल्तमस का गुरुवार तक पीसी रिमाण्ड प्राप्त कर पूछताछ कर रही है। अब मयंक की मौत के बाद पुलिस मामले में हत्या के पहलू से आगे की कार्रवाई के साथ फरार बदमाशों की तलाश में जुट गई है।

Comment List