राजस्थान विधानसभा में सीएजी की अनुपालन लेखापरीक्षा रिपोर्ट पेश, विभागों को अध्ययन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश
मामलों की समीक्षा और आवश्यक अनुपालना की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी
जयपुर। भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (सीएजी) की मार्च 2024 को समाप्त अवधि के लिए तैयार अनुपालन लेखापरीक्षा-सिविल वर्ष 2026 की रिपोर्ट संख्या-3 को राजस्थान विधानसभा में प्रस्तुत कर दिया गया। इसके बाद वित्त विभाग ने सभी अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव, शासन सचिव एवं विशिष्ट शासन सचिवों तथा सभी विभागाध्यक्षों को इसकी जानकारी दी है। वित्त विभाग के आय-व्ययक अनुभाग की ओर से जारी पत्र में बताया गया कि सीएजी की यह लेखापरीक्षा रिपोर्ट राज्य विधानसभा में निर्धारित प्रक्रिया के तहत रखी जा चुकी है। विभागों को रिपोर्ट का अध्ययन करने और इससे संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए जानकारी उपलब्ध कराई गई है।
वित्त विभाग ने बताया कि लेखापरीक्षा प्रतिवेदन भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक की आधिकारिक वेबसाइट के साथ-साथ प्रधान महालेखाकार (लेखापरीक्षा-द्वितीय), राजस्थान, जयपुर की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। रिपोर्ट में मार्च 2024 तक की अवधि से संबंधित सिविल विभागों की अनुपालन लेखापरीक्षा के निष्कर्ष शामिल हैं। विधानसभा में रिपोर्ट पेश होने के बाद संबंधित विभागों के स्तर पर इसमें उठाए गए मामलों की समीक्षा और आवश्यक अनुपालना की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

Comment List