राष्ट्रीय प्रसारण दिवस पर मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं, प्रसारण कर्मियों के योगदान को किया नमन
जनभागीदारी और संवाद के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त
जयपुर। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने राष्ट्रीय प्रसारण दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रसारण माध्यमों ने सूचना, शिक्षा, संस्कृति और जनजागरण को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ देश की विविधता, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ बनाने में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रसारण माध्यमों ने डिजिटल नवाचार, जनभागीदारी और संवाद के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है।
उन्होंने कहा कि 'मन की बात' जैसे अभिनव प्रयासों ने नागरिकों और नेतृत्व के बीच सीधा संवाद स्थापित कर लोकतांत्रिक सहभागिता को और अधिक सशक्त बनाया है। मुख्यमंत्री शर्मा ने इस अवसर पर प्रसारण जगत से जुड़े सभी कर्मयोगियों के समर्पण, सेवा और महत्वपूर्ण योगदान को नमन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रसारण माध्यम आगे भी जनहित, जागरूकता और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में अपनी प्रभावी भूमिका निभाते रहेंगे तथा विकसित भारत और विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

Comment List