मुख्यमंत्री ने 'सपनों की उड़ान' कार्यक्रम में युवाओं से किया संवाद, कहा- अनुशासित और संस्कारवान युवा ही विकसित राजस्थान की नींव
युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित 'सपनों की उड़ान' कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि अनुशासित, संस्कारवान और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित युवा ही विकसित राजस्थान के सशक्त आधार हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और नवाचार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने पेपर लीक जैसी समस्याओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। साथ ही रिकॉर्ड संख्या में सरकारी भर्तियां कर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन, उद्यमिता को बढ़ावा और कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि वे राज्य और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से संवाद कर उनके विचार भी सुने और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल सहित विद्यार्थी, खिलाड़ी, यंग प्रोफेशनल्स, संबल सखियां, एनसीसी कैडेट्स तथा एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Comment List