सीएम भजनलाल शर्मा की प्रदेशवासियों से अपील- नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में घर से निकलकर जरूर करें मतदान
भविष्य को बेहतर बनाने में भागीदार बनने का आह्वान
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नगर निकाय चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के मतदान के अवसर पर प्रदेशवासियों से लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि मतदान के दिन घर से निकलें और अपने नगर के विकास, बेहतर सुविधाओं तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए अपने मत का प्रयोग करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदाता का एक-एक वोट नगर के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण योगदान देता है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पहली बार मतदान करने जा रहे युवाओं से भी उत्साह के साथ मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा लोकतंत्र के इस पर्व का हिस्सा बनने के साथ अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए अधिक से अधिक लोगों की मतदान प्रक्रिया में भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सभी मतदाताओं से बिना किसी दबाव के अपने विवेक के अनुसार मतदान कर नगर के भविष्य को बेहतर बनाने में भागीदार बनने का आह्वान किया।

Comment List