सीएम भजनलाल शर्मा का जयपुर में रोड शो: सांगानेरी गेट से त्रिपोलिया गेट तक भाजपा ने दिखाया शक्ति प्रदर्शन
भाजपा का बड़ा शक्ति प्रदर्शन
जयपुर। राजस्थान में निकाय चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के अंतिम दिन भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर में सांगानेरी गेट से त्रिपोलिया गेट तक करीब एक किलोमीटर लंबा रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने तीन विधानसभा क्षेत्रों के करीब 20 वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया। रोड शो से पहले मुख्यमंत्री ने हनुमान मंदिर में दर्शन किए और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से मुलाकात की। रास्ते में सीएम भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, प्रेमचंद बैरवा के पोस्टर लगाए गए हैं।
रोड शो के दौरान सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार ने ढाई साल में कई महत्वपूर्ण काम किए हैं, जिससे कांग्रेस को परेशानी होने लगी है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने जयपुर सहित प्रदेश में लव जिहाद की समस्या खत्म कर दी है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर लूट और छूट की राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
उधर, सांगानेर विधानसभा के वार्ड 49 में भाजपा प्रत्याशी मुकेश शर्मा ने घोड़ी पर बैठकर प्रचार किया। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी धर्म सिंह सिंघानिया के समर्थन में पूर्व जयपुर लोकसभा प्रत्याशी अनिल चोपड़ा के नेतृत्व में जनसभा हुई। अजमेर दक्षिण के वार्ड 20 में भाजपा प्रत्याशी राजेश शर्मा के समर्थन में विधायक अनिता भदेल ने बुजुर्ग महिला मतदाता के साथ डांस किया। जयपुर में भाजपा नेता रघुनाथ नरेड़ी भी सीएम के रोड शो की व्यवस्थाएं संभालते नजर आए।

Comment List