सर्द हवाओं ने छुड़ाई धूजणी : फतेहपुर में पारा जमाव बिंदु के करीब पहुंचा, खेतों में फसलों पर बर्फ की परत
तापमान 1.6 डिग्री दर्ज
जयपुर में न्यूनतम तापमान करीब तीन डिग्री घटकर 8.8 डिग्री दर्ज किया गया। गुरुवार को दिन का तापमान 24 डिग्री रहा।
जयपुर। प्रदेश में गुरुवार को लगातार दूसरे शीतलहर और ठिठुरन का जोर बना रहा। न्यूनतम तापमान में भी गिरावट रही। उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर खत्म होने के साथ ही उत्तरी हवा फिर से मैदानी राज्यों में आने लगी हैं। इसके असर ज्यादातर शेखावाटी क्षेत्र में दिखाई दिया। सीकर जिले के फतेहपुर में बुधवार रात पारा जमाव बिंदु के नजदीक पहुंच गया। यहां न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया वहीं नागौर में रात का तापमान 1.9 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इन इलाकों में खेतों में फसलों पर बर्फ की परत नजर आई।
जयपुर में भी ठिठुरन
राजधानी जयपुर में भी सर्द हवाओं और ठिठुरन का असर देखने को मिला। यहां दिन में भी ठंडक बनी हुई है। बुधवार रात जयपुर में न्यूनतम तापमान करीब तीन डिग्री घटकर 8.8 डिग्री दर्ज किया गया। गुरुवार को दिन का तापमान 24 डिग्री रहा।
चलेंगी सर्द हवा
मौसम केन्द्र से मिली जानकारी के अनुसार अगले तीन दिन तक प्रदेश में शीतलहर का जोर रहेगा। चूरू, झुंझुनूं, सीकर और नागौर जिले में शीतलहर का असर ज्यादा रहेगा। मौसम केंद्र जयपुर ने राज्य में अगले एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने और सर्द हवा चलने से तेज सर्दी की आशंका जताई है। तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।

Comment List