खेजड़ी संरक्षण के लिए बनेगा विशेष अधिनियम, प्रारूप तैयार करने को समिति गठित
अदालती निर्णयों और मौजूदा कानूनी प्रावधानों का अध्ययन कर मसौदा तैयार
राजस्थान में खेजड़ी वृक्षों के संरक्षण के लिए राज्य सरकार विशेष अधिनियम लाने की तैयारी कर रही। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की ओर से की गई घोषणा के बाद इसके क्रियान्वयन की प्रक्रिया तेज कर दी गई। सरकार ने वृक्ष संरक्षण अधिनियम का प्रारूप तैयार करने के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया।
जयपुर। राजस्थान में खेजड़ी वृक्षों के संरक्षण के लिए राज्य सरकार विशेष अधिनियम लाने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की ओर से की गई घोषणा के बाद इसके क्रियान्वयन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। सरकार ने वृक्ष संरक्षण अधिनियम का प्रारूप तैयार करने के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। समिति की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री जोगा राम पटेल करेंगे। समिति में मंत्री हेमंत मीणा और संजय शर्मा के साथ विधि विभाग के प्रमुख सचिव भी सदस्य होंगे।
इसके अलावा अतिरिक्त महाधिवक्ता महावीर विश्नोई और अधिवक्ता कुणाल विश्नोई को भी समिति में शामिल किया गया है। समिति विभिन्न राज्यों में लागू वृक्ष संरक्षण कानूनों का अध्ययन करेगी। साथ ही अधिनियम का प्रारूप तैयार करते समय संबंधित स्टेकहोल्डर्स से भी विचार-विमर्श किया जाएगा। समिति वृक्ष संरक्षण से जुड़े अदालती निर्णयों और मौजूदा कानूनी प्रावधानों का अध्ययन कर मसौदा तैयार करेगी। सरकार ने समिति को एक माह के भीतर अधिनियम का प्रारूप प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इस समिति का नोडल विभाग राजस्व विभाग होगा तथा इसके सचिव समिति के सदस्य सचिव के रूप में कार्य करेंगे।

Comment List