एसएमएस अस्पताल में जटिल सर्जरी, 15 वर्षीय किशोरी के पेट से निकाला गया 12 किलो का विशाल ट्यूमर
दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित होने लगी थीं
जयपुर। सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जयपुर के सर्जरी विभाग के चिकित्सकों ने एक जटिल एवं चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए झुंझुनूं जिले के सिघाना निवासी 15 वर्षीय किशोरी के पेट से लगभग 12 किलोग्राम वजनी विशाल एब्डॉमिनल ट्यूमर (गांठ) निकालने में सफलता प्राप्त की है। किशोरी पिछले कई महीनों से पेट में लगातार बढ़ती सूजन, भारीपन तथा भोजन करने में कठिनाई की समस्या से जूझ रही थी।
ट्यूमर के बढ़ते आकार के कारण उसकी दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित होने लगी थीं। जांच के बाद उसे SMS अस्पताल के सर्जरी विभाग में भर्ती किया गया। गुरुवार को सर्जरी विभाग की विशेषज्ञ टीम ने इस जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक संपन्न किया। ऑपरेशन करने वाले चिकित्सक डॉ. हनुमान खोजा ने बताया कि सर्जरी के दौरान मरीज के पेट में लगभग 12 किलोग्राम वजनी विशाल ट्यूमर पाया गया, जिसने पेट के अधिकांश हिस्से को घेर रखा था। अत्यंत सावधानी और उन्नत सर्जिकल तकनीक की सहायता से ट्यूमर को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला गया। यह जटिल सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. ऋचा जैन के निर्देशन में सम्पन्न हुई।

Comment List