एसएमएस अस्पताल में जटिल सर्जरी : 106 वर्षीय महिला का लेप्रोस्कोपिक तकनीक द्वारा सफल ऑपरेशन, मरीज की हालत स्थिर
स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दी गई
जयपुर। सवाई मानसिंह अस्पताल ने चिकित्सा क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए 106 वर्षीय महिला मरीज का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया है। झुंझुनूं निवासी बनारसी नामक महिला को पित्त की थैली एवं पित्त नली में पथरी की गंभीर समस्या के चलते अस्पताल के सर्जरी विभाग में भर्ती किया गया था। सर्जिकल यूनिट-2 में यह जटिल ऑपरेशन डॉ. प्रभा ओम के निर्देशन में तथा डॉ. अमित जैन के नेतृत्व में अत्याधुनिक दूरबीन (लेप्रोस्कोपिक) तकनीक के माध्यम से सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस प्रक्रिया में पित्त की थैली और पित्त नली दोनों की पथरी का एक साथ उपचार किया गया। इतनी अधिक आयु में इस प्रकार की सर्जरी करना चिकित्सकीय दृष्टि से अत्यंत चुनौतीपूर्ण होता है, जिसे विशेषज्ञ टीम ने पूरी सावधानी और दक्षता के साथ सफल बनाया।
ऑपरेशन के पश्चात मरीज की स्थिति स्थिर रही और 24 घंटे की निगरानी के बाद उन्हें स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डॉ. अमित जैन के अनुसार, 106 वर्ष की आयु में इस प्रकार का सफल ऑपरेशन अत्यंत दुर्लभ है और संभवतया यह अपने प्रकार का पहला मामला है।

Comment List