कांग्रेस ने कई निकायों में अध्यक्ष प्रत्याशी किए घोषित, बाड़ेबंदी तेज
रेखा गुर्जर के नाम पर सहमति बनी
जयपुर। राजस्थान निकाय चुनावों में पार्षद नतीजों के बाद कांग्रेस ने आज कई नगर पालिका और नगर परिषदों में अपने अध्यक्ष-सभापति प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, दौसा में सभापति पद के लिए रेखा गुर्जर के नाम पर सहमति बनी है। लालसोट नगर परिषद में पार्षद कपिल पुरोहित को सभापति प्रत्याशी बनाया गया। पूर्व मंत्री परसादीलाल मीना की मौजूदगी में बाड़ेबंदी स्थल पर मंथन के बाद यह फैसला लिया गया। अजमेर जिले की सरवाड़ नगर पालिका में कांग्रेस ने वार्ड-6 से निर्वाचित छोटूलाल माली को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया। रानी नगर पालिका में वीरेंद्र सिंह कच्छवाह को पहले ही प्रत्याशी बनाया जा चुका है। बीकानेर नगर निगम में स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद अनिल कल्ला का नाम मेयर के लिए चर्चा में है।
बाड़ेबंदी की निगरानी तेज :
पार्षदों की बाड़ेबंदी जारी है। जयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर समेत कई जगहों पर कांग्रेस ने पार्षदों को सुरक्षित स्थानों पर रखा है। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और स्थानीय विधायक इन क्षेत्रों की निगरानी कर रहे हैं। नामांकन का आज अंतिम दिन है। 21 सितंबर को अध्यक्ष चुनाव होंगे।

Comment List