कम बारिश से पश्चिमी राजस्थान में संकट : विशेष गिरदावरी और चारा डिपो की तैयारी, जोराराम कुमावत ने सीएम के एसीएस अखिल अरोड़ा के साथ की बैठक
चारा उपलब्ध कराने और गोवंश सहित अन्य पशुओं को संकट से बचाने में मदद मिलेगी
जयपुर। मानसून की बेरुखी और कम बारिश से जोधपुर संभाग के कई जिलों में किसानों और पशुपालकों के सामने पैदा हुए संकट को लेकर सरकार ने सक्रियता बढ़ाई है। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने शनिवार को शासन सचिवालय में मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा के साथ बैठक कर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत के उपायों पर चर्चा की। मंत्री कुमावत ने बताया कि कम बारिश के कारण पाली, जालोर, सिरोही, बाड़मेर, जैसलमेर, फलोदी, बालोतरा और जोधपुर सहित कई जिलों में फसलों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में विशेष गिरदावरी कराने की आवश्यकता जताई, ताकि फसल नुकसान का वास्तविक आकलन हो सके।
गिरदावरी रिपोर्ट के आधार पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पात्र किसानों को जल्द से जल्द क्लेम दिलाने की कार्रवाई करने पर भी चर्चा हुई। कुमावत ने कहा कि फसलों के खराब होने का असर पशुपालकों पर भी पड़ा है। खेतों से चारा उपलब्ध नहीं होने के कारण कई क्षेत्रों में पशुओं के लिए चारे की कमी सामने आ रही है। उन्होंने प्रभावित जिलों में तत्काल चारा डिपो खोलने की जरूरत बताई। इससे पशुपालकों को जरूरत के अनुसार चारा उपलब्ध कराने और गोवंश सहित अन्य पशुओं को संकट से बचाने में मदद मिलेगी।

Comment List