सरकारी स्कूलों में सुधार के लिए सीएसआर से बढ़ेगा सहयोग : FICCI प्रतिनिधियों के साथ बैठक, ज्ञान संकल्प पोर्टल को बनाया जाएगा प्रभावी माध्यम
कॉरपोरेट संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय पर विचार-विमर्श
जयपुर। प्रदेश में सरकारी स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आधारभूत सुविधाओं में सुधार के लिए कॉरपोरेट एवं औद्योगिक संस्थानों की भागीदारी बढ़ाई जाएगी। सोमवार को शिक्षा संकुल स्थित सभागार में स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश यादव की अध्यक्षता में भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ FICCI के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।
बैठक में ज्ञान संकल्प पोर्टल और कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व CSR के माध्यम से सरकारी विद्यालयों की आवश्यकताओं को पूरा करने पर चर्चा की गई। यादव ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में कॉरपोरेट सहभागिता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। औद्योगिक संस्थानों को अपने आसपास के सरकारी विद्यालयों का नियमित भ्रमण कर उनकी वास्तविक आवश्यकताओं का आकलन करना चाहिए और उसी के अनुरूप सहयोग करना चाहिए।
राज्य परियोजना निदेशक डॉ. रश्मि शर्मा ने कहा कि ज्ञान संकल्प पोर्टल विद्यालयों और सहयोगकर्ता संस्थाओं के बीच सशक्त सेतु का काम कर रहा है। इसके माध्यम से आधारभूत सुविधाओं, डिजिटल शिक्षा, नवाचार और शैक्षणिक संसाधनों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाया जा सकता है। बैठक में CSR परियोजनाओं, सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों तथा विभाग और कॉरपोरेट संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय पर भी विचार-विमर्श हुआ।

Comment List