ऑपरेशन म्यूल हंटर में साइबर ठग गिरफ्तार : खाते किराए पर लेकर करता था साइबर फ्रॉड, आरोपी मुहाना थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर
जरूरतमंद लोगों को लालच देकर उठाता था फायदा
शिप्रापथ थाना पुलिस ने साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े हिस्ट्रीशीटर अक्षय कुमार मीणा को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से ₹6 लाख नकद, 22 चेकबुक, 16 एटीएम कार्ड, 4 पासबुक और कार बरामद हुई। जांच में 13 साइबर शिकायतें और करीब ₹5 करोड़ की ठगी का खुलासा हुआ। आरोपी कई गंभीर मामलों में भी वांछित था।
जयपुर। शिप्रापथ थाना पुलिस ने सोमवार को साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान म्यूल हंटर के तहत कार्रवाई करते हुए साइबर ठग अक्षय कुमार मीणा को गिरफ्तार किया है। आरोपी मुहाना थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ दर्ज हैं। पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षिराज ने बताया पुलिस ने आरोपी अक्षय कुमार मीणा निवासी सवाई माधोपुर हाल निवासी मुहाना को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6 लाख रुपए नकद, 22 चेकबुक, 4 पासबुक, 16 एटीएम कार्ड, 2 मोबाइल फोन तथा कार जब्त की है।
जांच में सामने आया कि आरोपी साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले बैंक खाते, चेकबुक और एटीएम कार्ड किराए पर लेने और ऊंचे दामों में बेचने का काम करता था। पुलिस ने जब बरामद बैंक खातों को साइबर हेल्पलाइन पोर्टल 1930 पर चेक किया गया तो अलग-अलग राज्यों में दर्ज 13 साइबर शिकायतें सामने आईं। प्रारंभिक जांच में इन खातों के जरिए करीब 5 करोड़ रुपए की साइबर ठगी की जानकारी मिली है।
जरूरतमंद लोगों को लालच देकर उठाता था फायदा
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह युवाओं और जरूरतमंद लोगों को लालच देकर उनके बैंक खाते किराये पर लेता था। साइबर ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर एटीएम से नकदी निकालकर मुख्य आरोपियों तक पहुंचाई जाती थी।
अपहरण और मारपीट में भी था फरार
अक्षय मीणा शिप्रापथ थाना क्षेत्र में दर्ज अपहरण और मारपीट के मामले में भी फरार चल रहा था। पुलिस को सूचना मिली कि वह अपनी कार से वीटी रोड क्षेत्र में घूम रहा है। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, लूट, आर्म्स एक्ट, एससी-एसटी एक्ट और सरकारी कार्य में बाधा जैसे गंभीर मामलों सहित कई मुकदमे दर्ज हैं।

Comment List