पार्ट टाइम नौकरी का झांसा और ऑनलाइन धमकी, साइबर ठगों ने 4 लोगों से ठगे 6.42 लाख रुपए
चार वारदातों में लाखों की चपत
जयपुर। जयपुर में साइबर ठगों ने पार्ट टाइम नौकरी, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी और धमकी देकर चार लोगों को अपना शिकार बनाया। ठगों ने अलग-अलग वारदातों में पीड़ितों के खातों से 6 लाख 42 हजार 661 रुपए निकाल लिए। जवाहर सर्किल थाने में मालवीय नगर सेक्टर-9 निवासी अमन गुप्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 19 अक्टूबर को उनके वॉट्सऐप पर दो अज्ञात नंबरों से पार्ट टाइम नौकरी का मैसेज आया। टास्क पूरा करने के नाम पर ठगों ने उनसे 1 लाख 1 हजार 791 रुपए ट्रांसफर करवा लिए, लेकिन कोई भुगतान नहीं किया। मुहाना थाना क्षेत्र में मुहाना निवासी रोहित के साथ साइबर ठगी कर 1 लाख 54 हजार रुपए निकाल लिए गए।
पुलिस ने 30 अक्टूबर को मामला दर्ज किया है। मुरलीपुरा निवासी सावित्री देवी के खाते से 22 अक्टूबर को फोन-पे से भुगतान के दौरान दो ट्रांजेक्शन में एक लाख रुपए अज्ञात खाते में पहुंच गए। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की थी। इसी प्रकार वैशाली नगर थाना क्षेत्र में खातीपुरा निवासी लोकेश कुमार से आॅनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी कर 2 लाख 42 हजार 870 रुपए ठग लिए गए। उन्हें आॅनलाइन धमकी देकर भी ठगी की गई।

Comment List