दौसा आरटीओ राजस्व वसूली में प्रदेश में अव्वल, जयपुर के दोनों आरटीओ पिछड़े
अगस्त तक 97.34 करोड़ रुपए की वसूली हो चुकी
जयपुर। परिवहन विभाग की अगस्त तक की राजस्व रैंकिंग में दौसा आरटीओ ने प्रदेशभर में सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया है। दौसा आरटीओ को इस वित्त वर्ष में 107.30 करोड़ रुपए का राजस्व लक्ष्य दिया गया था, जिसके मुकाबले अगस्त तक 97.34 करोड़ रुपए की वसूली हो चुकी है। यह लक्ष्य का करीब 90.72 प्रतिशत है। राजस्व वसूली के मामले में अलवर आरटीओ दूसरे स्थान पर रहा। अलवर को 151.37 करोड़ रुपए का लक्ष्य मिला था, जिसमें से 136.30 करोड़ रुपए की प्राप्ति हुई है। अजमेर आरटीओ तीसरे स्थान पर है। अजमेर का लक्ष्य 331.93 करोड़ रुपए था, जबकि अब तक 288.70 करोड़ रुपए अर्जित किए गए हैं। बीकानेर आरटीओ चौथे स्थान पर रहा। बीकानेर का लक्ष्य 259.33 करोड़ रुपए और प्राप्ति 225.23 करोड़ रुपए रही। सीकर पांचवें स्थान पर है, जहां 288.75 करोड़ रुपए के लक्ष्य के मुकाबले 249.89 करोड़ रुपए की वसूली हुई। जोधपुर छठे स्थान पर रहा। यहां 352.40 करोड़ रुपए के लक्ष्य में से 304.75 करोड़ रुपए प्राप्त हुए। इसी तरह पाली सातवें स्थान पर रहा। पाली ने 167.17 करोड़ रुपए के लक्ष्य में से 142.53 करोड़ रुपए अर्जित किए। उदयपुर आठवें स्थान पर हैए जहां 296.68 करोड़ रुपए के लक्ष्य के मुकाबले 252.92 करोड़ रुपए की प्राप्ति हुई।
जयपुर के दोनों आरटीओ टॉप-10 में निचले पायदान पर: जयपुर के दोनों आरटीओ इस बार राजस्व रैंकिंग में पिछड़ गए हैं। जयपुर आरटीओ द्वितीय 9वें स्थान पर है। इसका लक्ष्य 257.72 करोड़ रुपए था, जबकि अगस्त तक 217.14 करोड़ रुपए की वसूली हुई। पिछले साल जयपुर आरटीओ द्वितीय राजस्व वसूली में प्रदेश में पहले स्थान पर रहा था। वहीं जयपुर आरटीओ प्रथम 10वें स्थान पर है। इसके 595.36 करोड़ रुपए के लक्ष्य के मुकाबले 491.73 करोड़ रुपए की प्राप्ति हुई है।

Comment List