रस्साकशी और रिले दौड़ में जयपुर के बधिर विद्यार्थियों ने लहराया परचम, 11 खिलाड़ियों ने जीते विजेता पदक
उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय का बढ़ाया मान
जयपुर। जयपुर आईआईएस विश्वविद्यालय में आयोजित पैरा स्पोर्ट्स मीट में राजकीय सेठ आनन्दीलाल पोद्दार बधिर उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के 11 बधिर खिलाड़ियों ने भाग लिया और रस्साकशी तथा रिले दौड़ स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल कर विजेता पदक अपने नाम किए। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. योगेन्द्र सिंह नरूका ने बताया कि खिलाड़ियों ने शारीरिक शिक्षक मोहर सिंह गुर्जर के निर्देशन में प्रतियोगिता की तैयारी की थी। मोहित गुर्जर, दीपक चौपड़ा, प्रतीक चौधरी, लोकेश मीना, हिमांशु यादव, अंकित मीना, राजू यादव, अमान खान, लोकेन्द्र कुमार शर्मा, समीर और शिवराज ने मैदान पर शानदार समन्वय, अनुशासन और जुझारूपन का परिचय दिया। रस्साकशी और रिले दौड़ में खिलाड़ियों ने विपक्षी टीमों को कड़ी चुनौती देते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।
समापन समारोह में सभी विजेता खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों ने साबित किया कि अवसर और उचित मार्गदर्शन मिले तो दिव्यांग प्रतिभाएं भी सफलता की नई मिसाल कायम कर सकती हैं।

Comment List