पीएचसी को एक ही पारी में करने की उठी मांग, दो पारी व्यवस्था के प्रस्ताव का चिकित्सक संघ ने किया विरोध
दो पारी व्यवस्था से मरीजों को परेशानी
राजस्थान सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को फिर दो पारी में संचालित करने के प्रस्ताव का अखिल राजस्थान सेवारत चिकित्सक संघ ने कड़ा विरोध जताया।
जयपुर। राजस्थान सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) को फिर दो पारी में संचालित करने के प्रस्ताव का अखिल राजस्थान सेवारत चिकित्सक संघ ने कड़ा विरोध जताया है। संघ का कहना है कि यह प्रस्ताव वर्ष 2017 में सरकार और चिकित्सक संघ के बीच हुए लिखित समझौते की भावना के विपरीत है। संघ के प्रदेश महासचिव डॉ. दुर्गा शंकर सैनी ने बताया कि वर्ष 2017 में हुए आंदोलन के दौरान सरकार ने उच्च स्तरीय कमेटी से परीक्षण करवाया था, जिसमें दो पारी व्यवस्था से मरीजों को परेशानी होने की बात सामने आई थी।
इसके बाद मरीज हित को ध्यान में रखते हुए एकल पारी व्यवस्था लागू की गई थी, जो वर्तमान में सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक ओपीडी, जांच और इलाज एक ही पारी में होने से मरीजों को उसी दिन उपचार मिल जाता है। संघ ने निदेशक को मेल और व्हाट्सऐप के माध्यम से ज्ञापन भेजकर विरोध दर्ज कराया है तथा 2017 के समझौते की लंबित मांगों को पूरा करने की मांग भी की है।

Comment List