विधानसभा सचिवालय के 52 अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति : देवनानी ने दिए आदेश, कहा- पदोन्नति जिम्मेदारी और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक
कर्मचारियों में देखने को मिल रही उत्साह और नई ऊर्जा
बुद्ध पूर्णिमा पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. वासुदेव देवनानी ने सचिवालय के 52 अधिकारियों-कर्मचारियों को पदोन्नति दी। इसमें उप सचिव से लेकर चतुर्थ श्रेणी तक कई पद शामिल हैं, जिनमें 20 चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को सबसे अधिक लाभ मिला। फैसले से कर्मचारियों में उत्साह है। स्पीकर ने इसे जिम्मेदारी व जनसेवा का प्रतीक बताते हुए निष्ठा और पारदर्शिता से काम करने की अपेक्षा जताई।
जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विधानसभा सचिवालय के 52 अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति दी है। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर जारी आदेशों में 6 उप सचिव, 7 सहायक सचिव, 8 अनुभाग अधिकारी, 4 सहायक अनुभाग अधिकारी, 2 क्लर्क ग्रेड प्रथम, 8 क्लर्क ग्रेड द्वितीय, 12 जमादार सहित विभिन्न पदों पर पदोन्नति की गई है। इसके साथ ही 20 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी पदोन्नत किया गया है। इस निर्णय से विधानसभा कर्मियों में खुशी की लहर है और उन्होंने स्पीकर के प्रति आभार जताया है। पदोन्नति को लेकर कर्मचारियों में उत्साह और नई ऊर्जा देखने को मिल रही है।
स्पीकर डॉ. देवनानी ने कहा कि पदोन्नति केवल पद वृद्धि नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने सभी पदोन्नत कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा जताई कि वे नई जिम्मेदारियों का निर्वहन निष्ठा, पारदर्शिता और दक्षता के साथ करेंगे।
उल्लेखनीय है कि डॉ. देवनानी ने पिछले दो वर्षों में कुल 121 कर्मियों को पदोन्नति दी है। खास बात यह है कि इस बार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को सबसे अधिक लाभ मिला है, जिनकी पदोन्नति लंबे समय से लंबित थी। स्पीकर ने कहा कि विधानसभा सचिवालय लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग है और कार्मिकों की भूमिका इसकी कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने में अहम होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि पदोन्नत कर्मचारी अपने कार्यों से विधानसभा की गरिमा को और ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

Comment List